अतिरिक्त जिला कलक्टर ने किया पोस्टर जारी, दोपहर 12 बजे से होंगे कुश्ती मुकाबले

हनुमानगढ़। जिले के गांव मक्कासर में 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले विशाल कुश्ती दंगल को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर ने दंगल के पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्य और पहलवान मौजूद रहे। पोस्टर विमोचन के साथ ही क्षेत्र में दंगल को लेकर प्रचार अभियान शुरू किया गया, ताकि अधिक से अधिक खेल प्रेमी और ग्रामीण इस आयोजन में भाग लेकर पहलवानों का उत्साहवर्धन कर सकें। आयोजन समिति के अनुसार शुक्रवार, 16 अक्टूबर को गांव मक्कासर में विशाल कुश्ती दंगल आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। दंगल में विभिन्न पहलवान कुश्ती मुकाबलों के माध्यम से अपने दमखम, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक कुश्ती को प्रोत्साहित करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है।
पारंपरिक खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
पोस्टर विमोचन के अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य सुखा सिंह पहलवान, गुरप्रीत सिंह पहलवान, दीपक कुमार और कमलजीत पांडी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति सदस्यों ने दंगल की तैयारियों को लेकर चर्चा की तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। समिति सदस्यों ने कहा कि कुश्ती ग्रामीण अंचल की पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय पहलवानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, मेहनत और खेल भावना को बढ़ावा मिलता है।
खेल प्रेमियों से पहुंचने की अपील
मक्कासर में आयोजित होने वाले इस दंगल को लेकर आयोजन समिति उत्साहित है। समिति की ओर से क्षेत्र के ग्रामीणों और खेल प्रेमियों से 16 अक्टूबर को दंगल में पहुंचकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाने की अपील की गई है। आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और पारंपरिक कुश्ती के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा।
