
हनुमानगढ़। वोट पाती की तरह बच्चों से अब परिजनों के नाम मौसमी बीमारियों और लू से बचाव का पत्र लिखवाने का नवाचार किया जाएगा। सोमवार को मौसमी बीमारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्ट कानाराम ने शिक्षा विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। इसमें स्वच्छता के लिए चल रहे टीपर में अब मौसमी बीमारियों और लू से बचाव के संदेश भी सुनाई देंगे।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को मौसमी बीमारियों के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाए, ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यशाला भी आयोजित करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि मौसमी बीमारियों के उपचार की व्यवस्थाओं के साथ आमजन की सक्रियता से भी बचाव आवश्यक है। अधिकतर जानकारी के अभाव अथवा लापरवाही से मच्छर जनित रोगों को पनपने में सहायता मिलती है। इसके लिए प्रशासनिक और सामुदायिक पहल ही कारगर साबित होगी।
उन्होंने जल भराव और मच्छर पनपने वाले स्थानों पर नियमित कीटनाशक कैमिकल छिड़काव और नियंत्रण के लिए टीम बनाकर निगरानी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में चिकित्सकीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिले में लू से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी कराने के लिए भी कहा। पीडब्ल्यूडी को क्षतिग्रस्त सड़कों की समयबद्ध मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगर परिषद को सभी नालों की सफाई शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में नियमित फोगिंग भी कराएं। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभागीय अधिकारी को छात्रावासों में स्वच्छता के निर्देश दिए। वहीं, तेज गर्मी के समय खेतों में आगजनी की घटनाएं नहीं हो, इसके लिए विद्युत और कृषि विभाग संयुक्त एडवाइजरी जारी करें। प्रत्येक किसान तक संदेश पहुंचाना सुनिश्चित करें। इससे पहले कलक्ट्रेट में शाखा कार्मिकों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी कार्य ई-फाइल से ही संपादित कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिषद सीईओ सुनीता चौधरी, एडीएम उम्मेदी लाल मीना, प्रशिक्षु आईएएस प्रीतम कुमार आदि मौजूद थे।
