जंक्शन पंचायत समिति के वार्ड-2 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरीं सुमन रानी, समर्थकों ने जताया जीत का भरोसा

हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद के 37 निर्वाचन क्षेत्रों और तृतीय चरण में शामिल छह पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है। गुरुवार को भी विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में उतरने के लिए नामांकन प्रस्तुत किए। इसी क्रम में हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सुमन रानी पत्नी जीतराम ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। पक्काभादवां गांव निवासी सुमन रानी के चुनावी मैदान में उतरने के साथ ही वार्ड में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। भाजपा समर्थक प्रत्याशी के पक्ष में जनसंपर्क कर पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं के आधार पर समर्थन जुटाने में लगे हैं। इस मौके पर समर्थक सुरेन्द्र गोदारा ने कहा कि वार्ड में भाजपा प्रत्याशी को लेकर मतदाताओं के बीच उत्साह दिखाई दे रहा है। जनता से मिल रहे स्नेह और समर्थन के आधार पर पार्टी को जीत की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को लेकर पार्टी जनता के बीच पहुंच रही है। सरकार की ओर से जनहित में किए गए कार्यों का लाभ चुनाव में पार्टी को मिलने की संभावना है। गोदारा ने विश्वास जताया कि पंचायतीराज चुनाव में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी और जिले में पार्टी का बोर्ड बनेगा।
23 अक्टूबर तक दाखिल किए जा सकेंगे नामांकन
पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 23 अक्टूबर तक जारी रहेगी। तृतीय चरण में शामिल हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए अभ्यर्थी अंतिम तिथि को अपराह्न 3 बजे तक नामांकन प्रस्तुत कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को होगी। अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इन पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए मतदान 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
जिला परिषद चुनाव की प्रक्रिया भी जारी
जिला परिषद के 37 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए भी नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। अभ्यर्थी 23 अक्टूबर तक सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे के बीच निर्धारित कक्षों में व्यक्तिगत रूप से नामांकन प्रस्तुत कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जिला कलक्ट्रेट के प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर 206 में होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इस दिन अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही जिले में चुनावी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। राजनीतिक दल अपने प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाने और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
