हनुमानगढ़ टाउन के सूर्य नगर में सामूहिक पूजा-अर्चना, महिलाओं ने सुनी करवा चौथ की कथा और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना

हनुमानगढ़ टाउन। सुहाग, प्रेम और अटूट विश्वास का प्रतीक करवा चौथ का पर्व गुरुवार को हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र में पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर अपने पति की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ निर्जला व्रत रखा। दिनभर महिलाओं में पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिला। घरों में पूजा की तैयारियां की गईं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करवा चौथ की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। टाउन के सूर्य नगर स्थित राजेंद्र जोशी के निवास पर दोपहर में सामूहिक पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा करते हुए करवा चौथ की पौराणिक कथा सुनी और सूर्य देव को जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार करवा फेरने की रस्म निभाई और एक-दूसरे को सुहाग की लंबी उम्र की शुभकामनाएं दीं। पूजा के दौरान भक्ति गीतों और पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस मौके पर सुनीता राजेंद्र जोशी ने करवा चौथ के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में इस पर्व का विशेष स्थान है। यह पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास, समर्पण और आपसी रिश्तों की मजबूती का प्रतीक है। महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार में सुख-शांति बनाए रखने की कामना के साथ पूरे दिन निर्जला व्रत रखती हैं। पर्व के प्रति महिलाओं की आस्था और उत्साह भारतीय परंपराओं की जीवंतता को दर्शाता है। दिनभर व्रत रखने के बाद महिलाओं को चंद्रोदय का इंतजार रहता है। परंपरा के अनुसार, चंद्रमा के दर्शन करने के बाद महिलाएं छलनी से चंद्र देव को देखकर अर्घ्य अर्पित करती हैं और फिर छलनी से अपने पति का मुख देखकर उनके हाथों से जल ग्रहण कर व्रत खोलती हैं। इस रस्म के साथ करवा चौथ का व्रत पूर्ण किया जाता है। करवा चौथ के अवसर पर शहर के बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। महिलाओं ने पूजा सामग्री, करवे, साड़ियों, आभूषणों और श्रृंगार के सामान की खरीदारी की। बाजारों में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। घरों में भी महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार के साथ पर्व की तैयारियां कीं। आयोजन के दौरान सुनीता पारीक, सुनीता जोशी, निर्मला देवी, मोनिका पारीक, रमन, पायल सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
