शुक्रवार सुबह 10 बजे टाउन के सेंट्रल पार्क से होगा शुभारंभ, जिला कार्यालय में बैठक कर तैयारियों को दिया अंतिम रूप


हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत शुक्रवार को हनुमानगढ़ टाउन में पदयात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में बैठक आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने की, जबकि अभियान संयोजक मुरलीधर सोनी ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पदयात्रा में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, आपसी समन्वय बनाने और अभियान के संदेश को आमजन तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित चौधरी, अभियान संयोजक मुरलीधर सोनी तथा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति जागरूकता और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने और पदयात्रा को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी अपनी विचारधारा और जनहित से जुड़े विषयों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठनात्मक अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। भाजपा नेता अमित चौधरी ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। वहीं, अभियान संयोजक मुरलीधर सोनी ने पदयात्रा की तैयारियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी ने संगठनात्मक एकजुटता का आह्वान करते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलकर अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।
सेंट्रल पार्क से सुबह 10 बजे शुरू होगी पदयात्रा
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे हनुमानगढ़ टाउन स्थित सेंट्रल पार्क से पदयात्रा का शुभारंभ होगा। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पार्षदों और अभियान से जुड़े लोगों से निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की। बैठक में पदयात्रा के दौरान व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा की गई। अभियान संयोजक मुरलीधर सोनी ने बताया कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जिला मुख्यालयों पर पदयात्राएं निकालने के साथ विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची की शुद्धता, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रमुख नागरिकों की गोष्ठियां आयोजित कर चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक विषयों पर संवाद किया जाएगा। इसके अलावा महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में युवा संवाद, छात्र प्रतियोगिताएं और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने की योजना है। बुद्धिजीवियों, सामाजिक प्रतिनिधियों और प्रभावशाली नागरिकों से संपर्क कर मतदाता जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा। बैठक में ओम सोनी, तेजेन्द्र पाल सिंह बराड़, प्रवीण कटारिया, चरणदास गर्ग, जिला प्रवक्ता जुगल किशोर गौड़, आशीष पारीक, मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल, लुणाराम पुनिया, हनीश ग्रोवर सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी मौजूद रहे। बैठक के दौरान सभी ने पदयात्रा को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। भाजपा की ओर से आयोजित इस पदयात्रा को अभियान के तहत जनसंपर्क बढ़ाने, मतदाता जागरूकता से जुड़े मुद्दों को उठाने और संगठनात्मक सक्रियता प्रदर्शित करने के कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
