
हनुमानगढ़। श्री श्री पंच महादेव सिद्धपीठ मठ सन्यास आश्रम धौलीपाल की ओर से ब्रह्मलीन महंत श्री श्री 1008 स्वामी पूर्णानंद गिरी महाराज की 13वीं पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित की जा रही श्री राम कथा का आगाज मंगलवार को गांव धौलीपाल में निकाली गई कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा सन्यास आश्रम से जय श्री राम के जयकारों के साथ रवाना हुई जो गांव के मुख्य-मुख्य मार्गां से होती हुई सन्यास आश्रम में पहुंचकर सम्पन्न हुई। कलश यात्रा में सबसे आगे बालाजी महाराज के भजनों पर झूमते श्रद्धालु व पीछे-पीछे सिर पर कलश धारण कर महिलाएं शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं। आयोजन समिति के राजेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना के लिए 23 अप्रेल से 2 मई तक श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। महंत मोतीगिरी महाराज के सानिध्य में कथावाचक फलाहारी बाबा अयोध्या कथा का वाचन करेंगे। इसके साथ संत सम्मेलन व प्रवचन का भी कार्यक्रम होगा। इसमें स्वामी ओम चैतन्य महाराज दौसा, स्वामी गोपालानंद महाराज पंजाब, स्वामी सत्यानंद गिरी महाराज कोलायत, स्वामी दयालगिरी महाराज नोहर, डॉ. सज्जन महाराज रायसिंहनगर, पंडित दयानंद महाराज संस्कृत महाविद्यउालय संगरिया हिस्सा लेंगे। 2 मई को हवन यज्ञ व भण्डारे के साथ आयोजन सम्पन्न होगा।
