शराब की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से ठेकेदारों में आक्रोश, मासिक गारंटी पूरी नहीं होने पर पेनल्टी नहीं लगाने का लिखित आश्वासन देने की मांग

हनुमानगढ़। आबकारी विभाग की कथित मनमानी और शराब की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के विरोध में शराब ठेकेदार एसोसिएशन ने शुक्रवार को गंगानगर शुगर मील के गेट बंद कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे ठेकेदारों ने आबकारी विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। ठेकेदारों का आरोप है कि पिछले दो माह से शराब की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण वे निर्धारित मासिक गारंटी पूरी करने में असमर्थ हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से पेनल्टी लगाने की कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शराब ठेकेदार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप तिवाड़ी ने बताया कि 50 यूपी शराब का रेश्यो पहले 20 प्रतिशत निर्धारित था, जिसे सरकार की ओर से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया। हालांकि, उनके अनुसार गंगानगर और हनुमानगढ़ क्षेत्र के लिए विशेष आदेश के तहत 50 यूपी शराब का रेश्यो 20 प्रतिशत ही रखा जाना था। इस मुद्दे को लेकर एसोसिएशन पहले भी विरोध दर्ज करवा चुकी है, लेकिन ठेकेदारों का कहना है कि उनकी समस्याओं का अब तक समाधान नहीं हुआ है। तिवाड़ी ने बताया कि गंगानगर शुगर मील में शराब का निर्माण होता है और ठेकेदारों के लिए प्रत्येक दुकान पर निर्धारित मात्रा में शराब का उठाव करना जरूरी है। निर्धारित मात्रा में माल नहीं उठाने पर आबकारी विभाग की ओर से पेनल्टी लगाए जाने का प्रावधान है। लेकिन पिछले दो माह से शुगर मील में उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के कारण ठेकेदारों को पर्याप्त मात्रा में शराब नहीं मिल पा रही है। ऐसे में निर्धारित उठाव की शर्तों को पूरा करना उनके लिए मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ क्षेत्र में शराब का उत्पादन केंद्र होने के बावजूद स्थानीय ठेकेदारों को उनकी मांग के अनुसार माल उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। शराब तैयार नहीं होने और आपूर्ति बाधित रहने का खामियाजा लाइसेंसधारियों को भुगतना पड़ रहा है। विभाग की ओर से मासिक गारंटी पूरी करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं होने के कारण ठेकेदार निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं कर पा रहे हैं। एसोसिएशन पदाधिकारियों के अनुसार, माह के अंतिम दिनों में ठेकेदारों पर मासिक गारंटी पूरी करने का दबाव बढ़ जाता है। इसके लिए उन्हें 40 यूपी शराब की आवश्यकता है, लेकिन विभाग के पास पर्याप्त स्टॉक नहीं होने के कारण मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं मिल रही। इससे ठेकेदारों के सामने दोहरी परेशानी खड़ी हो गई है। एक ओर उन्हें निर्धारित मासिक गारंटी पूरी करनी है, वहीं दूसरी ओर माल उपलब्ध नहीं होने के कारण पेनल्टी लगने की आशंका बनी हुई है।
लिखित आश्वासन मिलने तक जारी रहेगा धरना
धरनारत शराब ठेकेदारों ने आबकारी विभाग से मांग की है कि शराब की आपूर्ति नहीं होने के कारण यदि किसी लाइसेंसधारी की मासिक गारंटी पूरी नहीं होती है, तो उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाए और न ही पेनल्टी लगाई जाए। एसोसिएशन ने इस संबंध में विभाग से लिखित आश्वासन देने की मांग की है। ठेकेदारों ने स्पष्ट किया कि जब तक विभाग उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता और लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक गंगानगर शुगर मील के गेट बंद कर अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के चलते आबकारी विभाग की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर ठेकेदारों में नाराजगी बनी हुई है। धरने में विनोद खीचड़, वरदान महला, रामकुमार, सुमेर दान, सुनील खालिया, पलविंदर सिंह, भूपेंद्र सुड्डा, गुरमीत सिंह, केवल सिंह, विष्णु स्वामी, बंसी ज्याणी, मदन झोरड़, हरफूल सिंह, पृथ्वीराज मूंड, पवन गोदारा, बलराज सिंह, सुनील मूंड, कपिल बिश्नोई, संदीप सिंह, राय सिंह और जय सिंह सहित जिले के अनेक शराब ठेकेदार मौजूद रहे।
