
हनुमानगढ़। सभी विभाग ई-फाइल के माध्यम से पत्रावलियों का संधारण करें तथा ई- डाक से प्राप्त फाइलों का प्राथमिकता से निस्तारण करें। सभी अधिकारी संपर्क पोर्टल पर नियमित रूप से लंबित प्रकरण चैक करें और शिकायतों को संवेदना के साथ, संतुष्टि प्रतिशत को बढ़ाते हुए निस्तारित करें। निस्तारण से पूर्व एक बार परिवादी से व्यक्तिगत संपर्क जरूर करें।
जिन जिला स्तरीय अधिकारियों का निस्तारण समय अधिक है, उसे औसत 10 दिन करने के निर्देश दिए गए। यह निर्देश कलेक्टर कानाराम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेयजल, सिंचाई, विद्युत, मौसमी बीमारियों सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा, समस्या और उनके समाधान के लिए हुई बैठक में दिए। कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि अस्पतालों का लगातार निरीक्षण किया जाए तथा मनरेगा साइटों पर लू और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए एएनएम के माध्यम से मजदूरों को जागरूक किया जाए।
जिले में मलेरिया, डेंगू आदि के सैंपलों की संख्या बढ़ाई जाए। जिला कलेक्टर ने वर्षा से पहले मंडी यार्ड के नाले और शहर के अन्य बड़े नालों की सफाई करने, पूरे शहर में फोगिंग को तीव्रता से करने के निर्देश दिए। बाजार में रात को सफाई अभियान चलाने, सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने, अवैध होर्डिंग को हटाने, पॉलिथीन उपयोग को रोकने के लिए व्यापार मंडल की सहायता से अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जल संग्रहण के लिए बड़ी डिग्गियों में गंबूसिया मछलियां डलवाने, मंडियों से एमएसपी पर खरीदे गए अनाज का शीघ्र उठाव करने के निर्देश दिए। जिन मंडियों में गेहूं उठाव कम हो रहा है, उनको चिन्हित करते हुए गति को बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ईंट भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिकों से समझाइश कर 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का अधिकाधिक स्कूलों में नामांकन किया जाए।
ईंट भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए उचित छाया की सुविधा की जाए, ईंट भट्ठों पर नियोजित मजदूरों और कामगारों को लू और मौसमी बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाए। बैठक में एडीएम उम्मेदी लाल मीणा, जिला परिषद सीईओ सुनीता चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
