केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है। स्टूडेंट्स CBSE की ऑफिशियल वेबसाइट cbse.nic.in के जरिए अपना रिजल्ट देख सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर है। वहीं, स्कूल प्रशासन की ओर से छात्र-छात्राओं का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया गया है। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। किसी छात्रा का सपना डॉक्टर बनना है तो किसी का सीए और आईएएस और इंजीनियर बनना है।

हनुमानगढ़ टाउन के व्यापार मण्डल पब्लिक स्कूल की छात्रा प्रतिभा चुघ पुत्री जगमोहन चुघ ने 10वीं क्लास में 96.80 प्रतिशत अंक के साथ जिला टॉप कर स्कूल के साथ अभिभावकों का नाम रोशन किया है। प्रतिभा की माता अंजना चुघ ने मंगलवार को तिलक लगाकर और माला पहनाकर प्रतिभा चुघ का स्वागत किया। इस मौके पर प्रतिभा के दादा मनोहर लाल चुघ, दादी कमला देवी, ताऊ मनमोहन चुघ, ताई रेणु चुघ, भाई मनोरथ चुघ, लड्डू गोपाल, कार्तिकेय चुघ, बहन मनोकामना चुघ सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
प्रतिभा चुघ के पिता किराणा की दुकान चलाते हैं, जबकि माता टीचर हैं। प्रतिभा चुघ भविष्य में जेईई की तैयारी करना चाहती है। प्रतिभा चुघ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और अभिभावकों को देते हुए कहा कि उसके माता-पिता ने उसका पूरा सहयोग किया। उसे कभी किसी चीज की कमी महसूस नहीं होने दी। टीचर ने उसका हर डाउट क्लियर किया। उन्हीं की बदौलत वह जिला टॉप कर पाई है। प्रतिभा चुघ के अनुसार वह स्कूल में तीन से चार घंटे तक प्रतिदिन पढ़ती थी।
