हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ के नवां गांव के वार्ड पांच में नाली निर्माण को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बाच हाथापाई शुरू हो गई। नाली निर्माण का विरोध कर रहे मकान मालिक और उसके परिवार के सदस्यों ने कुछ ग्रामीणों के साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर दोनों पक्षों को शांत किया। इस मामले में एक पक्ष की ओर से मामला दर्ज करवाने के लिए जंक्शन पुलिस थाने में परिवाद पेश किया गया है।

ग्राम पंचायत नवां के वार्ड पांच निवासी प्रकाश कुमार ने बताया कि वार्ड में नाली का निर्माण हुए करीब तीन साल हो चुके हैं। वार्ड पांच में सादक खान का मकान है। सादक खान और उसके परिवार के सदस्य वार्ड में नाली नहीं बनने दे रहे थे। नाली निर्माण का कार्य पिछले एक साल से लटका हुआ है। सादक खान का कहना है कि वह अपने मकान की दीवार के साथ नाली नहीं बनने देगा। सादक खान के घर से पहले पूरे वार्ड में नाली बन चुकी है। सादक खान के घर के आगे नाली नहीं बनने से पीछे की ओर नाली में गन्दा पानी ओवरफ्लो होकर घरों में घुस जाता है और गली में भी कीचड़ पसरा रहता है। इस पर आसपास के अन्य घरों के लोग सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी और वार्ड पंच से मिले और इस विवाद को सुलझाने की अपील की। सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी की ओर से सादक खान के घर चार नोटिस भेजकर कहा गया कि वे नाली निर्माण के सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न न करें, लेकिन सादक खान और उसके परिवार के सदस्यों ने नाली निर्माण का विरोध जारी रखा।
प्रकाश सुथार के अनुसार मंगलवार की सुबह सादक खान और उसके बेटे यासीन खान ने पूर्व में चल रही कच्ची नाली को मिट्टी डालकर बंद कर दिया। इससे पानी की निकासी बंद हो गई। जब आसपास के घरों के लोग सादक खान, यासीन खान से मिले तो उन्होंने कहा कि वे किसी भी हालत में पानी की निकासी नहीं होने देंगे। सादक खान, उसकी पत्नी और बेटे ने गाली-गलौज की। घर से डंडे लेकर आए और गुंडागर्दी शुरू कर दी। उसके और वार्ड पंच प्रतिनिधि मनीराम पुत्र कालीदास ओड के कपड़े फाड़ दिए। उसकी माता देवी बाई और वार्ड पंच वीना कुमारी के साथ भी मारपीट की। इस घटनाक्रम का मोबाइल फोन में वीडियो भी है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। प्रकाश सुथार ने सादक खान, उसकी पत्नी और बेटे यासीन खान के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर सुनील, अशोक, राजेन्द्र कुमार, नरेन्द्र, अभिषेक, रवि कुमार, बंसीलाल मौजूद रहे।
