
हनुमानगढ़। कमेटी गठित कर सेटलमेंट के तहत केसीसी ऋण जमा करवाने की मांग के संबंध में अखिल भारतीय किसान सभा के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
सभा के रघुवीर वर्मा ने बताया कि गांव धोलीपाल के वार्ड सात निवासी बुजुर्ग किसान रायसिंह उर्फ रामस्वरूप उर्फ रामसिंह जाट ने दिसम्बर 2013 में अपनी 41 बीघा कृषि भूमि पर किसान क्रेडिट कार्ड पर पंजाब नेशनल बैंक शाखा धोलीपाल से 25 लाख रुपए का ऋण लिया था। इसमें से करीब 11 लाख रुपए रायसिंह की ओर से भर दिए गए। इसके बावजूद सेटलमेंट के तहत ऋण भरवाने के लिए रायसिंह की ओर से लगातार बैंक के चक्कर लगाए जा रहे हैं।
किसान रायसिंह की ओर से कई जगह शिकायत की जा चुकी है, लेकिन सेटलमेंट के तहत ऋण नहीं भरवाया जा रहा। अब सोमवार को बैंक की ओर से किसान रायसिंह के खेत में नोटिस चस्पा कर दिया कि अगर 31 लाख 83 हजार रुपए जमा नहीं करवाए तो जमीन को कुर्क कर लिया जाएगा। 31 जुलाई 2022 से 31 मार्च 2023 तक ऋण में छूट प्रदान कर ऋण भरवाने के लिए स्कीम आई थी। इसके तहत भी रायसिंह अपना ऋण भरवाने के लिए बैंक गया था, लेकिन अभी तक सेटलमेंट के तहत ऋण नहीं भरवाया गया।
रघुवीर वर्मा ने बताया कि किसान की जमीन को किसी भी हालत में कुर्क नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में जिला कलक्टर से मुलाकात कर मांग की गई है कि वे इस प्रकरण में हस्तक्षेप कर पीएनबी अधिकारियों से बात कर सेटलमेंट के तहत ऋण जमा करवाएं। क्योंकि किसान की ओर से 25 लाख रुपए का ऋण लिया गया था। उसमें से करीब 11 लाख रुपए भर दिए। शेष ऋण राशि भी किसान भरने को तैयार है। लेकिन बैंक अधिकारी सेटलमेंट से किसान को दूर ले जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक अधिकारियों की ओर से रुपए जमा नहीं करवाए जाते। फिर जमीन की कुर्की करने की बात कही जाती है। लेकिन यहां ऐसा नहीं होने देंगे। सुनवाई नहीं हुई तो पीएनबी शाखा के समक्ष धरना लगाया जाएगा।
