
हनुमानगढ़। जंक्शन के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शक्ति रानी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में अतिथियों की ओर से कक्षा 12वीं कला व विज्ञान वर्ग में 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली 21 होनहार छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीडीईओ शक्ति रानी ने उच्च अंक हासिल करने वाली छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने सफलता अर्जित कर अपना, अपने माता-पिता, गुरुजनों व स्कूल का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हर सफल व्यक्ति के पीछे उसकी कड़ी मेहनत और संघर्ष होता है। जिस तरह बिना भटके मंजिल नहीं मिलती, ठीक उसी प्रकार बिना परिश्रम और बिना संघर्ष सफलता हासिल नहीं होती। जीवन में वही व्यक्ति सफल होते हैं, जो अपने लक्ष्य के प्रति सतत कार्यरत रहते हैं। इसीलिए कहा गया है कि कर्म करते जाओ, फल की इच्छा न करो, ईश्वर आपको फल देगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्राओं ने कड़ा संघर्ष किया। इसी का परिणाम है कि उन्हें सफलता हासिल हुई। उन्होंने अन्य छात्राओं को भी कड़ी मेहनत कर अपने अभिभावकों व विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। व्याख्याता ओमप्रकाश नांदेवाल ने बताया कि कक्षा 12वीं कला व विज्ञान वर्ग की छात्राओं ने कड़ी मेहनत कर जिले में विद्यालय का नाम रोशन किया है। 95.40 प्रतिशत अंक के साथ छात्रा नितिका गर्ग ने विद्यालय टॉप किया। इसके अलावा सलोनी ने 95, संगीता ने 94, दामिनी ने 92.80, विनिता ने 92.20, निशा ने 91.60, शीना ने 90.60, ऊषा ने 90.20, भावना ने 90, हेमलता ने 89.20 और सुमन कुमारी ने 87.80 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। उन्होंने बताया कि 2013 से लगातार विद्यालय का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा है। छात्राओं में अनुशासन के रूप में विद्यालय की जिले में अलग पहचान है। उम्मीद है कि उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम और अनुशासन के मद्देनजर विद्यालय में अगले सत्र में नामांकन में बढ़ोतरी होगी। सुमन कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों व गुरुजनों को दिया। डॉक्टर बनने की इच्छुक सुमन कुमारी ने अन्य विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे जो कुछ करना चाहते हैं अपने दिल से करें। कार्यक्रम में प्रिंसिपल रेणु, छगनलाल, मोहित बलाडिय़ा, भारतेन्दु सैनी, गौतम स्वामी, रेवाराम नंदा, देवीलाल वर्मा, पंकज सोनी, मोहन निरानिया, शिवशंकर शर्मा, ज्योति बतरा, सुषमा कौशिक, अभिलाषा गोगिया, सिमरजीत कौर, चंद्रप्रकाश शर्मा, राजकुमार बंसल, हरिओम, महेंद्रपाल सिंह, खेमचंद, रतनदीप, इन्द्रजीत शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक व छात्राएं मौजूद रहीं।
