
हनुमानगढ़. घर से लापता दो नाबालिग सहेलियों के शव मंगलवार शाम पीलीबंगा क्षेत्र में सार्दुल ब्रांच नहर से बरामद किए गए। दोनों बालिकाओं का एक-एक हाथ दुपट्टे से आपस में बंधा हुआ था। इस कारण दोनों के शव एक साथ ही मिले। जंक्शन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच शवों को कब्जे में लेकर उनको जिला चिकित्सालय पहुंचाया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए। इस संबंध में जंक्शन थाने में अज्ञात के खिलाफ दोनों नाबालिग को बहला कर ले जाने का मामला दर्ज कराया गया था।
डीएसपी मिनाक्षी ने बताया कि ज्योति (14) पुत्री ओमप्रकाश मेघवाल तथा तमन्ना (13) पुत्री बनवारीलाल नायक निवासी वार्ड दो जोड़कियां रविवार सुबह करीब छह बजे घर से घूमने के लिए निकली थी। वे घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। दोनों बालिकाओं की चप्पलें, जैकेट एवं एक दुपट्टा गांव के पास ही स्थित सार्दुल ब्रांच नहर के किनारे पर मिले। परिजनों ने रविवार दोपहर को पुलिस को सूचना दी। इस पर डीएसपी मिनाक्षी तथा जंक्शन थाना प्रभारी सतपाल बिश्नोई मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आपदा प्रबंधन टीम के गोताखोर बुलाकर नहर में दोनों बालिकाओं की तलाश शुरू कराई। मगर कई घंटे की तलाश के बावजूद उनका कुछ पता नहीं चल सका। इस संबंध में रविवार शाम को बालिकाओं के परिजनों ने मामला दर्ज कराया कि दोनों बालिकाएं घूमने निकली थी और घर नहीं लौटी। परिजनों ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति दोनों बालिकाओं को बहलाकर ले गया है अथवा दोनों नहर में डूब गई हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीलीबंगा क्षेत्र के गांव डिंगा के पास सार्दुल ब्रांच नहर की पीबीएन वितरिका से मंगलवार शाम को दोनों शव बरामद किए गए।
