
श्रीगंगानगर सरकार ने भले ही जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीद शुरू कर रखी है, लेकिन खरीद शुरू हुए 20 दिन बीच चुके हैं तथा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व अनूपगढ़ जिलों से एमएसपी पर अब तक लगभग 5 हजार क्विंटल ही मूंग खरीदा गया है। चमक विहीन व अधिक काले दाने होने के कारण ज्यादातार किसानों का मूंग एमएसपी पर नहीं बिक पा रहा है।
ऐसे में मजबूरन किसानों को खुली नीलामी पर मूंग बेचना पड़ रहा है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व अनूपगढ़ जिले में इस बार सरकार ने एमएसपी पर मूंग खरीद के लिए 54 केंद्र बनाए हैं, लेकिन इस बार मूंग पकाव के समय बारिश होने से फसल खराब हो गई। ऐसे में अब चमक विहीन व तीन प्रतिशत से अधिक काले दाने वाला मूंग सरकार की ओर से नहीं खरीदा जा रहा है। ऐसे में सरकार को मूंग बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने के बावजूद किसान मंडियों में खुली नीलामी पर मूंग बेच रहे हैं।
मंडियों में भी इन दिनों हजारों क्विंटल मूंग की नियमित आवक हो रही है तथा औसतन 6500 रुपए प्रति क्विंटल के भावों पर मूंग बिक रहा है। ^चमक विहीन मूंग की खरीद नहीं: खरीद केंद्रों पर चमक विहीन व तीन प्रतिशत से अधिक काले दाने वाला मूंग नहीं खरीदा जा रहा है। सैंपल जांच में पास होने के बाद ही मूंग की खरीद की जा रही है। आगामी दिनों में आवक बढ़ने के साथ ही खरीद की भी रफ्तार पकड़ेगी। – हरीसिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, राजफैड श्रीगंगानगर
