हनुमानगढ़। अमृता देवी स्मृति पुरूस्कार से सम्मानित मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा टाउन स्थित राजवी पैलेस में पर्यावरण संरक्षण पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्ष डॉ. राजीव पचार आईपीएस, सहायक जिला कलक्टर प्रीतम जाखड़ आईएएस थे। कार्यक्रम में आए सभी आगंतुकों ने सम्मान में पौधे लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति हनुमानगढ़ जिले में पौधरोपण के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य कर रही है। उन्होने संस्था में पौधे लगाने, पानी लगाने, ट्री गार्ड लगाने, पौधों की कटाई-छंटाई और पौधों का चयन करने की अलग अलग विंग बनाकर अलग अलग कार्य के लिए अलग-अलग विशेषज्ञ तैयार करने का सुझाव दिया। साथ ही गोष्ठियों का आयोजन कर युवाओं को इस कार्य से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होने कहा कि तकनीक हर 20-25 साल में बदल जाती है लेकिन पृथ्वी को बचाने के लिए पेड़ की जगह तो पेड़ ही लगाना पड़ेगा, इसका कोई विकल्प नहीं है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक जिला कलक्टर प्रीतम जाखड़ ने मानव उत्थान सेवा समिति के कार्य को अत्यंत प्रशंसनीय बताते हुए कहा कि संस्था का कार्य हनुमानगढ़ जंक्शन में हर किसी को नजर आता है। संस्था ना केवल पौधे लगाती है बल्कि उसका सार संभाल कर उन्हें बड़ा भी करती है। संस्था पृथ्वी को बचाने को लेकर सर्वश्रेष्ठ कार्य कर रही है। उन्होने यूएन द्वारा हाल ही में पेश की गई रिपोर्ट का जिक्र करते हुए बताया कि आगामी 20 सालों में ही एशिया का तापमान डेढ़ से 2 डिग्री बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है। इससे सुखा, बादल फटने, अधिक तीव्र चक्रवात आने, बाढ़ आने की संभावनाएं और प्रबल होंगी। इन सब चीजों से पृथ्वी को बचाना है तो अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने होंगे। कार्यक्रम के आखिर में मानव उत्थान सेवा समिति के लाधुसिंह भाटी ने सभी का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि समिति को जिले में सभी का सहयोग प्राप्त हो रहा है। संस्था से जितने भी लोग अभी जुड़े हुए हैं सभी मन से जुड़े हुए हैं और प्रतिदिन पौधों को लगाने और उन्हें बड़ा करने में भरपूर सहयोग कर रहे हैं। इससे पहले पर्यावरण प्रेमी डॉ. बीएल सहू ने पर्यावरण संरक्षण पर संबोधित किया। कार्यक्रम में आये सभी अतिथियों को मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा गौरेया चिड़िया के अस्तित्व बचाने के लिये सभी को लकड़ी से बने घोंसले वितरित किये। मंच संचालन भीष्म कौशिक द्वारा किया। इस मौके पर प्रो. अर्चना गोदारा, गोविन्द सिंह राठौड़, रघु चाहर, इन्द्र हिसारिया, महेन्द्र सिंह मान, अमरजीत गोदारा, संजीव बेरवाल, एडवोकेट अरविन्द बिश्नोई, सुरेश महला, लोकरा शर्मा, सुरेन्द्र सिंह सैनी, जितेन्द्र सिंह, ऋषि भारद्वाज, संजीव बैरवाल, सुधीर पुनिया, संतोष राजपुरोहित, संजय कुमार, पदमेश कुमार, राजेन्द्र सिंह, ओम सिंह, अशोक गांधी, जितेश गर्ग, अग्रसैन जाखड़, शकील अहमद ,संजय सिंह रावत , राजाराम बिश्नोई ,गोविन्द सिंह रामगढिय़ा, अरूण दुबे व अन्य पर्यावरण प्रेमी मौजूद थे।


