
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड 54, लेबर कॉलोनी में निर्मित भटनेर पार्क का लोकार्पण शुक्रवार को विधायक प्रतिनिधि संतोष बंसल, नगर परिषद सभापति सुमित रणवां व प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय व वार्ड पार्षद सुनील अमलानी की ओर से किया गया। नगर परिषद की ओर से करीब 20 लाख रुपए की लागत से पार्क का निर्माण करवाया गया है। विधायक प्रतिनिधि संतोष बंसल ने कहा कि पार्षद सुनील अमलानी वार्ड 54 के लिए वरदान सिद्ध हुए हैं। वार्ड 54 की कच्ची गलियों को लेकर निरन्तर 5 वर्ष तक इनकी ओर से संघर्ष किया गया और आज वार्ड 54 की दशा व दिशा दोनों बदल चुकी है। वार्ड पार्षद सुनील अमलानी के अनुसार विधायक गणेश राज बंसल के नेतृत्व में वार्ड 54 में करीब साढ़े सात करोड़ रुपए से अधिक के कार्य हो चुके हैं। शेष 15 से 20 लाख रुपए के कार्य भी जल्द पूर्ण करवा दिए जाएंगे। वार्ड में शिव पार्क व नंदी पार्क के बीचोंबीच लगा ट्रांसमीटर हटवाकर इस जगह शहीद हेमू कालानी चौक का निर्माण करवाया जाएगा। इस चौक पर जोधपुरी पत्थर और अमर शहीद हेमू कालानी की अष्टधातु की मूर्ति लगाई जाएगी। चौक निर्माण व मूर्ति लगाने पर करीब 60 से 70 लाख रुपए की लागत अनुमानित है। इस मौके पर पार्षद भूपेन्द्र नेहरा, कनिष्ठ अभियंता धीरज कुमार, सद्दाम हुसैन, मुनीर खान, महीराम बिश्नोई, राजेंद्र भांभू, विकास शर्मा, कोमल राजपूत, इमामुद्दीन भाटी, वीरेंद्र कस्वां, गुरप्रीत सिंह, राजू, चरणजीत धालीवाल, कुलवीर सिंह, सुमन रानी, रेशमा वाट्स, रजनी सोनी सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे।
