
हनुमानगढ़। जिला जाट समिति की आम सभा मंगलवार को जंक्शन स्थित जाट धर्मशाला में हुई। अध्यक्षता समिति के निवर्तमान अध्यक्ष जोतराम नोजल ने की। बैठक में समिति के पिछले चार वर्षों के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया और आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। जोतराम नोजल ने अपने कार्यकाल के दौरान समिति द्वारा किए गए विभिन्न सामाजिक और विकासात्मक कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में समिति ने शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है। समिति ने कमजोर वर्गों की सहायता, मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और सामुदायिक भवन के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। जोतराम नोजल ने व्यक्तिगत कारणों से अध्यक्ष पद पर आगे काम करने में असमर्थता जताई। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व और संतोष की बात है कि वे इस पद पर रहते हुए समाज की सेवा कर सके। साथ ही उन्होंने समिति के सभी सदस्यों और समाज के लोगों का सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।
जोतराम नोजल के इस्तीफे के बाद नए अध्यक्ष के चयन का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इंद्रपाल रणवां को जिला जाट समिति का नया अध्यक्ष चुना। इंद्रपाल रणवा का नाम प्रस्तावित होते ही सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से उनकी नियुक्ति का समर्थन किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष इंद्रपाल रणवां ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जिला जाट समिति का अध्यक्ष बनना गर्व की बात है। समाज के विकास और एकता के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करूंगा। बैठक के अंत में समिति के आगामी लक्ष्यों और योजनाओं पर चर्चा हुई। इनमें शिक्षा के क्षेत्र में अधिक निवेश, युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की पहल शामिल है। कार्यकारिणी के विस्तार के लिए एक विशेष बैठक जल्द बुलाई जाएगी।
बैठक में समिति के वरिष्ठ सदस्य, समाज के प्रतिष्ठित नागरिक और युवा प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एकमत से यह निर्णय लिया कि समिति के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने और हर व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व कार्यकारिणी सदस्यों बलराम भांभू ने इंद्रपाल रणवां के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे देवदत भीड़ासरा, त्रिलोक सहारण, घनश्याम भादू, रमेश भांभू, अनिल खिचड़ सहित समाज के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया और माला पहनाकर नए अध्यक्ष का स्वागत किया।
