
हनुमानगढ़ ।जिला पुलिस ने मंगलवार सुबह जंक्शन के सुरेशिया एवं न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दबिश देकर 27 लोगों को गिरफ्तार किया। खास बात है कि एसपी अरशद अली खुद इस कार्रवाई में शामिल रहे। यहां पर अवैध गतिविधियों और नशे को लेकर पिछले कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं।
सीओ सिटी मीनाक्षी ने बताया कि जंक्शन, टाउन, सदर, महिला एवं डीएसटी की टीम के साथ दबिश दी गई। इसमें सुरेशिया व न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के फ्लैटों की सघन तलाशी लेकर 2 किलो 720 ग्राम गांजा व 61 हजार रुपए नकदी के अलावा 2 कारतूस व 4 लीटर हथकढ़ शराब सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मंगलदीप सिंह उर्फ मंगल पुत्र कुलदीप जटसिख वार्ड 7 सतीपुरा हाल वार्ड 58 सुरेशिया, पालाराम पुत्र हेतराम नायक वार्ड 56 बिजली घर के पास सुरेशिया, अशोक कुमार पुत्र तरसेम सोनी वार्ड 53 सुरेशिया, वजीरा बाई पत्नी भजन सिंह रायसिख वार्ड 56 सुरेशिया, गुरजंट सिंह पुत्र सुरजीत सिंह रायसिख वार्ड 57 को गिरफ्तार किया। वहीं, 21 लोगों को गतिविधियां संदिग्ध होने पर शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में एएसपी जनेश तंवर, जंक्शन सीआई सतपाल बिश्नोई भी शामिल रहे।
