
श्री गंगानगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरू करने तथा सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा सुरक्षा सखी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत स्थानीय महिला थाना में आज सुरक्षा सखी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना के सीएलजी मेंबर तथा काफी संख्या में महिलाएं, युवतियां तथा बालिकाएं शामिल हुईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुधा पलावत ने बताया कि 31 मार्च तक यह पखवाड़ा मनाया जाएगा। महिला थाना प्रभारी श्रीमती सुमन जयपाल ने संवाद कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को उनसे संबंधित कानून तथा प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित जनों से कहा कि वह अपने- अपने गली मोहालों में घर-घर जाकर महिलाओं और बालिकाओं से संपर्क करें उन्हें भी उनके कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दें। उन्होंने राजस्थान पुलिस के सिटिजन एप के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप पर नीड हेल्प के जरिए आकस्मिक परिस्थिति में कोई भी महिला, युवती और बालिका मैसेज कर तुरंत पुलिस की मदद प्राप्त कर सकती है। सखी सुरक्षा पखवाड़े के तहत थानाधिकारी अपने थाना क्षेत्र में अधिकतम तीन सुरक्षा सखियों को चिन्हित करेंगे। थाना स्तर पर अभियान के पर्यवेक्षक के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा जो चिन्हित सुरक्षा सखियों के संपर्क में रहकर उन्हें सहयोग करेगा। उनके कार्यों की समीक्षा करेगा। महिला अत्याचारों से संबंधित कानून और कर्तव्यों की जानकारी भी दी जाएगी।
