
हनुमानगढ़ । दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पैरा कबड्डी टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए राजस्थान पैरा कबड्डी टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई। यह टूर्नामेंट 20 से 23 मार्च तक वनस्थली पब्लिक स्कूल, एनसीआर दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें राजस्थान की टीम राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। टीम के रवाना होने से पूर्व हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित अम्बेडकर भवन में खिलाडिय़ों के लिए विशेष किट वितरण एवं आशीर्वाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. एमपी शर्मा ने कहा कि पैरा खिलाड़ी आज न केवल अपने क्षेत्र बल्कि देश का भी नाम रोशन कर रहे हैं। विशिष्ट अतिथि शंकर सोनी ने कहा कि खेलों से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और युवा इससे प्रेरणा लेकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं। टीम की तैयारी को लेकर 15 से 19 मार्च तक हनुमानगढ़ जंशन में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इस शिविर का मुय उद्देश्य टीम के खिलाडिय़ों के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना और उनकी खेल क्षमता को विकसित करना था। इस आयोजन से खिलाडिय़ों को काफी लाभ हुआ और वे आत्मविश्वास से भरपूर नजर आए। शिविर का आयोजन राही सोशल वेलफेयर सोसाइटी, हनुमानगढ़ द्वारा किया गया था, जबकि अम्बेडकर भवन टीम ने खिलाडिय़ों के ठहरने की नि:शुल्क व्यवस्था की थी। राजस्थान पैरा कबड्डी के संस्थापक अर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि खेलों से युवाओं को नशे से दूर रखने में मदद मिलती है। उन्होंने टीम को शुभकामनाएं दीं और खिलाडिय़ों से अपनी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ खेल में हिस्सा लेने का आग्रह किया। इस कार्यक्रम में एडवोकेट दीपक सोनी, कृष्ण कुमार जांगिड़, मनसुखजीत सिंह, प्रदीप कड़वा, लखपत राय, एडवोकेट धारीवाल अम्बेडकर नवयुवक संघ हनुमानगढ़ के सदस्य, राजस्थान टीम मैनेजर योगेश कुमावत, चीफ कोच सुनील सामरिया, विक्रम सिंह और लखवीर सिंह उपस्थित रहे। राजस्थान पैरा कबड्डी टीम के प्रमुख खिलाडिय़ों में चेतराम, दीपचंद, गुरप्रीत, भीयाराम, शाहिद अली, लोकराम, मदनलाल, तगाराम, नरेंद्र, रामावतार, पंकज, मनीष समेत अन्य कई खिलाड़ी शामिल हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष नवंबर में आयोजित ओपन नॉर्थ जोन कप में राजस्थान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता था। इस बार भी टीम पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ राष्ट्रीय टूर्नामेंट में अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार है। पूरे राजस्थान के खेल प्रेमियों की निगाहें इस टूर्नामेंट पर टिकी हुई हैं, और सभी को उम्मीद है कि टीम एक बार फिर पर्देश का नाम रोशन करेगी ।
