एक घायल की हालत गंभीर,चार आरोपी राउंडअप

हनुमानगढ़ । जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र के चक 5-एलकेएस में विवादित कृषि भूमि पर कब्ज़ा करने को लेकर कल देर रात को दो पक्षों में खूनी भिड़ंत हो गई, जिसमें एक युवक गोली लगने से मारा गया जबकि अनेक लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। एक घायल की हालत गंभीर है, जिसका टाउन के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। गोलूवाला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राकेश सांखला ने बताया कि रात लगभग 2 बजे हुए खूनी टकराव में श्रीगंगानगर जिले के जैतसर थाना इलाके के एक युवक सुभाष नायक (35) की गोली लगने से मृत्यु हो गई जबकि चक 5-एलकेएस ढाणी निवासी राकेश बिश्नोई तेज धार वाली कस्सी की घातक चोट लगने से गंभीर घायल हो गया। उसका हनुमानगढ़ टाउन सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके द्वारा दिए गए बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही चल रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार चार आरोपियों को राउंडअप किया गया है जबकि बाकी आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किये जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर हनुमानगढ़ से डीएसपी मीनाक्षी सहारण आज सुबह मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जताने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि चक 5-एलकेएस निवासी भीमसेन बिश्नोई और कपिल बिश्नोई आपस में रिश्ते में भाई लगते हैं। उनके परिवारों में जमीन के बंटवारे और कब्जे को लेकर पिछले काफी समय से रंजिश चली आ रही है। कपिल बिश्नोई की ढाणी कृषि भूमि में ही बनी हुई है। कुछ ही दूरी पर भीमसेन और उसकी बुआ के बेटे राकेश की भी जमीन है। कल रात लगभग 2 बजे भीमसेन बिश्नोई, राकेश बिश्नोई तथा इनके द्वारा बाहर से बुलाए हुए कुछ लोग एक राय होकर तथा हथियारों से लैस होकर कपिल बिश्नोई की ढाणी पर हमला करने के लिए आ गए। दोनों पक्षों में टकराव हो गया। दोनों ओर से जहां लाठियां- गंडासियां चलाई गई तथा पत्थरबाजी भी हुई। वहीं इसी दौरान चली गोलियां से सुभाष नायक घायल हो गया। राकेश बिश्नोई के भी कस्सी की घातक चोट लग गई।कपिल बिश्नोई के परिवार की कुछ महिलाओं के भी चोटें लगी हैं जो कि बीच बचाव का प्रयास कर रही थीं। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दलबल सहित मौके पर पहुंचे। तब तक अन्य ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को शांत करवा दिया था। घायल सुभाष नायक तथा राकेश बिश्नोई को निकटवर्ती पीलीबंगा के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां आज सुबह सुभाष नायक की मृत्यु हो गई जबकि राकेश को हायर सेंटर हनुमानगढ़ टाउन सिविल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि जमीन पर कजा करने को लेकर दोनों पक्षों में कई दिनों से खींचतान चल रही थी जबकि इनमें पुरानी रंजिश भी थी। कल रात कब्ज़ा करने के लिए भीमसेन बिश्नोई के पक्ष ने बाहर से भी कुछ लोगों को बुलाया हुआ था। रात लगभग 2 बजे दोनों पक्षों में टकराव हुआ तो आसपास की ढाणियों में रहने वाले लोग भी दहशत में आ गए। समाचार लिखने के समय हत्या और हत्या के प्रयास का मामला गोलूवाला थाना में दर्ज किया जा रहा था जबकि पुलिस पकड़े हुए चार आरोपियों से पूछताछ भी कर रही है। दूसरी तरफ सुभाष नायक के शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी चल रही थी।
