ससुराल वाले मकान को ताले लगाकर बहू को घर के बाहर छोडक़र हो गए गायब, मुकदमा दर्ज

श्री गंगानगर। जिले के रामसिंहपुर शहर में एक करोड़पति परिवार की बहू ने शादी के 8 वर्ष बाद भी संतान नहीं होने पर ससुराल वालों द्वारा उसे सम्पति के हिस्से से वंचित करने का षड्यंत्र रचने और उसे बाहर छोडक़र मकान को ताले लगाकर गायब हो जाने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक ने उसकी रिपोर्ट पर ससुराल वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ससुराल वाले परसों बुधवार शाम 6.30 बजे से गायब हैं। उन्होंने मकान पर ताला लगाने के साथ लोहे की मजबूत सांकल भी लगा दी ताकि बहू उनकी गैर मौजूदगी में मकान में प्रवेश नहीं कर सके। कल शाम मुकदमा दर्ज होने के पश्चात बहू ने लोहे की साकल और तालों को तोड़ दिया। वह मकान के ऊपर वाले पोर्शन में रह रही है जबकि ससुराल वालों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं। रामसिंहपुर थाना पुलिस के अनुसार शहर के वार्ड नंबर 3 की निवासी रिया गांधी उर्फ रिंकू रानी द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके पति रजत गांधी, ससुर राजेंद्र गांधी, सास तरुण गांधी, देवर शुभम गांधी और उसकी पत्नी पायल सहित अनेक जनों पर उसे मानसिक तथा शारीरिक रूप से प्रताडि़त करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 352,351 (2) के तहत दर्ज मुकदमे की जांच खुद थाना प्रभारी सुभाषचंद्र कर रहे हैं। पुलिस को रिपोर्ट देते हुए रिया ने बताया कि उसकी शादी 8 वर्ष पहले रजत गांधी से हुई थी। संतान न होने के कारण पति, सास-ससुर देवर और देवरानी उसे घर से निकलना चाहते हैं। इस बात को लेकर यह आरोपी एक राय होकर उसे मानसिक तथा शारीरिक रूप से प्रताडि़त कर रहे हैं। खाने-पीने, दवा-पानी तथा घरेलू खर्चों से वंचित कर घर से निकालने के लिए धक्के मारने से ,धमकियां देने और झूठे व गंदे इल्जाम लगाकर समाज में बेइज्जत कर रहे हैं, लेकिन वह अपना घर बसाना चाहती है। पुलिस के मुताबिक रिया ने बताया है कि वह परसों बुधवार शाम 6:30 बजे अपने ससुराल घर के नजदीक चींटियों को दान डालकर वापस आई तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। उसके ससुराल वाले गायब थे। तब उसने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, अनूपगढ़ के उपखंड अधिकारी जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को फोन कर तथा व्हाट्सएप द्वारा सूचना देकर सारे मामले से अवगत करवाया। उसके ससुराल वालों ने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिए। रिया ने कहा कि उसके साथ बहुत अन्याय हो रहा है। उसे घर से निकलने के लिए उसके ससुर का सगा साला छगन बजाज (पुत्र गोपीराम बजाज) अनूपगढ़ में महाराजा होटल का संचालन करने के साथ बड़े-बड़े अफसर की धौंस दिखता है। वह कहता है कि पुलिस थाना अनूपगढ़ का मुहूर्त मैंने किया था। पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। पीडि़ता रिया गांधी के अनुसार रोशनलाल (पुत्र रामदित्ता) जो कि जयपुर का रहने वाला है, वह पिछले 20 दिनों से उसे ससुराल से निकालने के लिए योजना बना रहा है। उसके ससुराल वालों का 43 वाणिज्यक दुकानों का कटला (गांधी काम्प्लेक्स ) चक 65 जीबी में एचडी रिजॉर्ट मैरिज पैलेस तथा अन्य करोड़ों रुपए की चल-अचल संपतिया हैं। चल-अचल सम्पतियो से वंचित करने के लिए उक्त आरोपी कूटरचित दस्तावेज बनाकर उन्हें खुर्द कर रहे हैं ताकि उसे इन सम्पतियो में किसी प्रकार का कानूनी हक नहीं मिले। रिया ने कहा है कि ससुराल घर के अलावा उसके पास रहने के लिए कोई घर नहीं है। उसे घर से निकलने के लिए आरोपियों ने षड्यंत्र रचा और मकान को ताला लगाकर गायब हो गए हैं।
