मुख्यमंत्री का दो दिवसीय दौरा, तैयारी मुकम्मल , पंजाब से राजस्थान तक नहरी क्षेत्र का जायजा लेंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक दिवसीय दौरे पर 8 अप्रैल यानी मंगलवार को हनुमानगढ़ आएंगे। शर्मा हनुमानगढ़ में आईजीएनपी, लोहागढ़ हैड, लखूवाली हैड, घग्घर डायवर्जन चौनल, घग्घर नदी पुल आदि का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में भाखड़ा नहरी क्षेत्र के किसानों के साथ संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर रविवार को कलेक्टर कानाराम ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम और रूट चार्ट के अनुसार समस्त अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश देते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर एसपी अरशद अली, सीईओ ओपी बिश्नोई, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी, हनुमानगढ़ एसडीएम मांगीलाल, संगरिया एसडीएम जय कौशिक, रावतसर एसडीएम संजय अग्रवाल, सीओ सिटी मीनाक्षी सहित अन्य मौजूद रहे। ये रहेगा सीएम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम सीएम भजनलाल शर्मा 8 अप्रैल को जयपुर से 10.30 बजे बठिंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां हेलीकाप्टर से रवाना होकर 11 बजे हरिके हेड का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री मल्लेवाला हैड, बल्लेवाला हेड, बीकानेर केनाल, फिरोजपुर फीडर, इंदिरा गांधी नहर का हवाई निरीक्षण करेंगे। वे दोपहर 1 बजे लोहगढ़ हैड हरियाणा का निरीक्षण करेंगे। दोपहर 2 बजे लखूवाली हैड तथा दोपहर 3 बजे घग्घर डायवर्जन चैनल, घग्घर नदी पुल का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 4 से 6 बजे तक हनुमानगढ़ सर्किट हाउस में भाखड़ा नहर क्षेत्र के किसानों से संवाद करेंगे। शाम 7 बजे वे श्रीगंगानगर के एक होटल में रात्रि विश्राम के लिए पहुंचेंगे। 9 अप्रैल को सुबह 8.30 से 11 बजे तक होटल में कार्यकर्ता संवाद करेंगे। 11.30 बजे धानमंडी में सरसों की एमएसपी खरीद का शुभारंभ करेंगे और फिर किसान और व्यापारियों के साथ संवाद करेंगे। दोपहर 12.35 बजे मुख्यमंत्री शिवपुर हैड का निरीक्षण करने जाएंगे। इसी तरह वे 3 बजे बुड्डा जोहड़ डाबला में स्थानीय कार्यकम में पहुंचेंगे तथा शाम 5 बजे सुपर थर्मल पावर स्टेशन सूरतगढ़ में अधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद शाम 6.30 बजे सूरतगढ़ एयरपोर्ट से जयपुर के लिए रवाना होंगे।
