
जंक्शन चूना फाटक रोड की दुर्दशा आज भी जस की तस है। सीवरेज कार्य पूरा हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत और सफाई पर जिम्मेदार विभागों ने ध्यान नहीं दिया। नतीजा यह है कि सड़क अब कबाड़ की दुकानों और पुराने वाहनों के ढेर में तब्दील हो गई है। मुख्य मार्ग पर कबाड़ी दुकानदारों ने खुलेआम कब्जा कर लिया है। कई जगहों पर अधजली और टूटी-फूटी कारें महीनों से खड़ी हैं, जिनकी वजह से सड़क का आधा हिस्सा अवरुद्ध हो गया है।
इससे होकर गुजरने वाले वाहन चालकों को गलत साइड से चलना पड़ता है, जिससे हर वक्त दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवरेज के लिए सड़क की खुदाई हुई थी, लेकिन कार्य पूरा होने के बावजूद न तो लेवलिंग हुई और न ही सड़क बनाई गई। कबाड़ की दुकानदारों ने कबाड़ की कारें रखकर वर्कशॉप बना ली है। लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द सड़क की मरम्मत करवाए और अवैध कब्जों को हटाए ताकि इस व्यस्त मार्ग पर फिर से सुचारू यातायात बहाल हो सके।
