
जंक्शन थाना पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए बच्चों के खेलने के लिए बने चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया लिखे लाखों रुपयों के नकली नोटों सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से बाइक भी जब्त की। आरोपियों की पहचान संगरिया फतेहपुर निवासी गुरजंट सिंह पुत्र कश्मीर सिंह एवं विजयनगर चक 23 जीबी कुलदीप सिंह पुत्र मक्खन सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार श्रीगंगानगर जोन सीआईडी सीबी में पदस्थापित एसआई बंशीलाल ने जंक्शन पुलिस थाना में सूचना दी सिविल लाइंस में दो व्यक्ति बाइक पर घूम रहे हैं। इनके पास चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया लिखे लाखों रुपए के नकली नोट हैं। बाइक सवार दोनों व्यक्ति भोले-भाले लोगों को नकली नोट देकर ठगी कर सकते हैं। सूचना पर जंक्शन थाना के एएसआई राजेन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम सिविल लाइंस में गंदे पानी के जोहड़ के पास पहुंची तो बाइक पर दो व्यक्ति संदिग्धावस्था में घूमते मिले। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से लाखों रुपए के चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया लिखे नकली नोट मिले।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। साथ ही बीएनएस की धारा 106 के तहत नकली नोट जब्त कर लिए। आरोपियों से हुई पूछताछ में इन्होंने जानकारी दी कि वे सुरेशिया निवासी बाग अली के लिए काम करते हैं। वे ठगी करने के मकसद से घूम रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी गुरजंट सिंह के खिलाफ पूर्व में भी जंक्शन थाना में मुकदमे दर्ज हैं। बरामद नकली नोटों की संख्या करीब 8 से 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
