
जंक्शन में शिव मंदिर सिनेमा के पास सीवरेज की सफाई के लिए चेंबर में उतरकर जान गंवाने वाले दूसरे मृतक कमलजीत सिंह के परिजनों को शुक्रवार को 30 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। नगर परिषद प्रशासक एडीएम उम्मेदीलाल मीना ने मृतक के पिता और दादी को सहायता राशि का चेक सौंपा।
इस मौके पर नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, पूर्व पार्षद बलराज सिंह दानेवालिया, हिमांशु महर्षि, सीवरेज कंपनी के प्रतिनिधि कुमुद शर्मा मौजूद थे। एडीएम मीना ने बताया कि यह राशि मृतक कमलजीत सिंह के परिवार को दी जा रही है, जिन्होंने दूसरों की जान बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवा दी। गौरतलब है कि हादसे के दो माह बाद तक कमलजीत सिंह कोमा में रहा जिसकी उपचार के दौरान जयपुर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी। एडीएम ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना में सीवर दुर्घटनाओं में मृत मजदूरों के परिजनों को 30 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रावधान है।
इससे पहले मृतक करण के परिजनों को भी 30 लाख रुपए का चेक सौंपा जा चुका है। आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने कहा कि नगर परिषद ने इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए राहत राशि दिलाने की प्रक्रिया पूरी की है। इस मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से सीवर कार्यों में सुरक्षा उपकरणों और प्रशिक्षण को अनिवार्य करने की मांग की।
