
जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के बीकानेर संभाग के मुख्य अभियंता केके कस्वां ने शुक्रवार को जंक्शन स्थित एसई कार्यालय में समीक्षा की बैठक की। विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। मुख्य अभियंता ने जिले में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के खराब मीटर बदलने की प्रगति पर असंतोष प्रकट करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि खराब मीटर्स बदलने के लिए अभियान चलाया जाए।
अक्टूबर माह के शेष रहे समय में पिछले बैकलॉग के साथ-साथ इस महीने के राजस्व की शत-प्रतिशत वसूली के निर्देश दिए। हनुमानगढ़ वृत्त की विद्युत छीजत में कमी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में विद्युत चोरी की संभावना अधिक है उन क्षेत्रों में लगातार विजिलेंस टीमों को भेजकर विद्युत चोरी पर अंकुश लगाया जाए। विभाग द्वारा नए विद्युत कनेक्शन के आवेदकों के लिए एनसीएमएस द्वारा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा दी गई है। इस व्यवस्था को सुव्यवस्थित तरीके से लागू करने एवं इसका ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने के लिए निर्देशित किया गया। इस व्यवस्था में आवेदक को निगम के किसी कार्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित होने या आवेदन की पत्रावली प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है। जिले के उपखंडों में लंबित विभिन्न श्रेणी के नए कनेक्शनों की पत्रावलियों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करते हुए लंबित कनेक्शन को जल्द जारी करने के भी निर्देश दिए। मुख्य अभियंता केके कस्वां ने आरडीएसएस में कार्य कर रही फर्म के प्रतिनिधि को योजना में शेष रहे कार्य को समय पर पूरा करने के लिए तथा कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
इस योजना के तहत जिले में जहां भी तंत्र पर अधिक लोड है वहां अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जाने तथा फीडरों का पृथक्करण करने के कार्य को भी निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए संबंधित फर्म को निर्देशित किया गया। कर्मचारियों के सेवा सबंधी लंबित प्रकरणों का निस्तारण करवाएं। इस वर्ष की विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक कर कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की जाए। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक संख्या में उपभोक्ताओं के यहां सोलर सिस्टम स्थापित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए जागरूकता अभियान चलाया जाए। योजना में पंजीकृत वेंडर्स के साथ नियमित बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान करवाएं। बैठक में एसई रिछपाल सिंह चारण, लेखाधिकारी गिरिधर गोपाल अरोड़ा, एक्सईएन (वितरण) हनुमानगढ़ अरविंद गढ़वाल, एक्सईएन (वितरण) संगरिया भागीरथ सिंह शेखू, एक्सईएन (वितरण) नोहर बाबूलाल सीरवी सहित वृत्त के सभी एईएन मौजूद रहे।
