
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेटर लिखकर सेमलाना की गंग नहर शाखा (जीडीसी) की शेष लाइनों का शीघ्र पक्का निर्माण करवाने की मांग की है। उन्होंने जल संसाधन विभाग उत्तर खण्ड हनुमानगढ़ के मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी के माध्यम से यह लेटर भेजा है।
लेटर में बिश्नोई ने बताया कि क्षेत्र में 42 आरडी से 158 आरडी तक का हिस्सा अभी तक कच्चा है। लगातार जल प्रवाह के कारण आसपास के खेतों में पानी भर जाता है, जिससे हजारों किसानों की भूमि बंजर हो गई है और फसलों को भारी नुकसान हो रहा है।
सेमलाना क्षेत्र में यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसके कारण जल की बर्बादी हो रही है और सिंचाई व्यवस्था भी बाधित हो रही है। पक्के निर्माण से किसानों को राहत मिलेगी और जल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
बिश्नोई ने मुख्यमंत्री से इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र आवश्यक राशि का प्रावधान करने की उम्मीद जताई है। उन्होंने सेमलाना क्षेत्र की पक्की लाइनों के लिए 325 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान और स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
