
हनुमानगढ़ की क्वान किडो टीम ने सातवीं राजस्थान स्टेट क्वान किडो चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। श्रीगंगानगर में आयोजित इस प्रतियोगिता में टीम ने कुल 43 पदक जीते, जिनमें 19 स्वर्ण, 14 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। इस चैम्पियनशिप में राज्यभर से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार और आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने फाइट और तकनीकी, दोनों श्रेणियों में श्रेष्ठता साबित की। हनुमानगढ़ की टीम का नेतृत्व जिला क्वान किडो अध्यक्ष जसकरण सिंह, जिला सचिव व कोच संदीप बरोड़ और टीम मैनेजर नवीन रॉयल व अनुज बड़गुजर ने किया।
सोमवार को विधायक गणेश राज बंसल के आवास पर विजेता खिलाड़ियों का स्वागत और सम्मान किया गया। विधायक बंसल ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि की सराहना की।
विधायक बंसल ने कहा कि जिले के युवाओं ने खेलों के क्षेत्र में जो उपलब्धि हासिल की है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिससे हनुमानगढ़ जैसे सीमांत जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।जिला क्वान किडो संघ अध्यक्ष जसकरण सिंह ने बताया कि यह हनुमानगढ़ टीम का अब तक का सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता के साथ-साथ खेल भावना और अनुशासन का भी परिचय दिया है। जिला सचिव व कोच संदीप बरोड़ ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के कठोर अभ्यास और समर्पण को दिया।
