
हनुमानगढ़ के गांव पंडितांवाली स्थित हरी ओम कॉलोनी में युवा परिवार वेलफेयर फाउंडेशन ने जरूरतमंद बच्चों के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान अध्यापिका मोनिका द्वारा संचालित निशुल्क कक्षाओं में पढ़ने वाले 40 बच्चों को जूते, जुराबें और पाठ्य सामग्री वितरित की गई।
फाउंडेशन ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए 20 बच्चों को गोद लिया। संस्था सदस्यों ने इन बच्चों की शिक्षा का दायित्व उठाने के साथ-साथ उनकी सभी जरूरतों को पूरा करने का भी संकल्प लिया।
फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह रामगढ़िया ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति बच्चों की शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने बताया कि टीम समय-समय पर गोद लिए गए बच्चों की प्रगति पर नजर रखेगी और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
अध्यापिका मोनिका ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा गरीबी और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का एकमात्र माध्यम है। उन्होंने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से हरी ओम कॉलोनी में बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान कर रही हैं, ताकि वे मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर भविष्य बना सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशा मुक्ति और धर्म परिवर्तन जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर कुलदीप जाखड़, गोपाल बारूपाल, सुनील जोशी, विजय कुमार, गोविंद सोनी, सुरेंद्र, सतपाल और भगवानाराम सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
