
राजस्थान सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री अवधिपार ब्याज राहत एकमुश्त समझौता योजना 2025-26 की अंतिम तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2025 कर दी है। श्रीगंगानगर जिला प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक के लोनधारियों के लिए यह सुनहरा मौका है।
बैंक के सचिव ने बताया कि योजना के तहत 30 सितंबर तक लोन की आंशिक राशि जमा कर चुके पात्र सदस्य अब शेष राशि 31 दिसंबर तक जमा कर योजना का लाभ ले सकते हैं। वहीं, जो सदस्य अभी तक पूरी तरह वंचित हैं, वे भी अब तक बकाया लोन राशि जमा करवाकर फायदा उठा सकते हैं।
योजना के मुताबिक, एक जुलाई 2024 को ओवरड्यू हो चुके लोनधारक यदि मूल लोन की राशि निर्धारित समय में चुकाते हैं, तो उन्हें ब्याज और अन्य व्यय पर शत-प्रतिशत छूट मिलेगी। बैंक अधिकारियों ने अपील की है कि पात्र सदस्य जल्द से जल्द बैंक शाखा में संपर्क करें और इस राहत का लाभ उठाएं।
