
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने हनुमानगढ़ जिले के राजकीय छात्रावासों में गेस्ट फैकल्टी के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पहल ‘विद्या संबल योजना’ के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को अंग्रेजी, विज्ञान और गणित जैसे कठिन विषयों में कोचिंग प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।
इस योजना के अंतर्गत, संबंधित सेवा नियमों में निर्धारित योग्यता और पात्रता रखने वाले अनुभवी सेवानिवृत्त कार्मिकों तथा निजी अभ्यर्थियों को अस्थाई गेस्ट फैकल्टी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रति घंटे की दर से मानदेय का भुगतान किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक ने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 नवंबर 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर वहीं जमा कर सकते हैं।
प्रत्येक छात्रावास के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा। अन्य विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित छात्रावासों या जिला कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से संपर्क किया जा सकता है।
