
भागीय योजनाओं की प्रगति समीक्षा को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता चूरू सांसद राहुल कस्वां और श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सांसद राहुल कस्वां ने कहा कि कई योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर नहीं हो रहा है, जबकि उद्देश्य यह है कि हर योजना का लाभ आमजन तक पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे बैठकों में पूर्णतः अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित हों, क्योंकि विभागीय उदासीनता के चलते बजट लेप्स होना उचित नहीं है। सार्वजनिक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद कस्वां ने कहा कि यातायात भार बढ़ने पर सड़कों के विस्तार के लिए समयबद्ध डीपीआर तैयार कर भेजें। उन्होंने भारतमाला परियोजना पर अवैध पार्किंग हटाने, रिंग रोड विकसित करने, ड्रेनेज सिस्टम में सुधार और डार्क स्पॉट्स को समाप्त करने के निर्देश दिए। पीएचईडी विभाग की समीक्षा में सांसदों ने पेयजल आपूर्ति योजनाओं और जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताया। ग्रामीण ढाणियों में जल कनेक्शन की अनियमितताओं पर सुधार के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी विभाग विधानसभा व संसद सत्र से पूर्व सभी योजनाओं के अपडेटेड ब्रीफ नोट्स तैयार करें। डिस्कॉम से संबंधित कार्यों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आरडीएसएस, ट्रांसफॉर्मर, घरेलू और कृषि कनेक्शन से जुड़ी प्रगति की समीक्षा की गई।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद कस्वां ने कहा कि प्रत्येक तहसील स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं, जिनमें हृदय रोग से जुड़ी जांचें भी शामिल हों। उन्होंने नवीन पीएचसी, सीएचसी और सब सेंटर की जरूरत के अनुसार प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचार नहीं कर रहे अस्पतालों की सूची तैयार करने और मानस नशा मुक्ति शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान पीएमश्री विद्यालयों, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लासरूम, और कक्षा-कक्षों की कमी को लेकर चर्चा हुई। रावतसर के एक विद्यालय में स्वीकृत कार्य समय पर पूर्ण नहीं करने पर संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए।
ये रहे बैठक में मौजूद : बैठक सुबह 11 बजे शुरू होकर, लंच ब्रेक को छोड़कर लगभग साढ़े सात बजे तक चली। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनियां, नोहर पंचायत समिति प्रधान सोहन ढील, टिब्बी प्रधान निकुराम मेघवाल, जनप्रतिनिधि मंगेज चौधरी, एएसपी जनेश तंवर, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, जल संसाधन विभाग एसई रामाकिशन, पीडब्ल्यूडी एसई शीशपाल चौधरी, पीएचईडी एसई विजय कुमार वर्मा, डिस्कॉम एसई रिछपाल चारण, सीडीईओ पन्नालाल कड़ेला, कृषि संयुक्त निदेशक डॉ. प्रमोद यादव, उपरजिस्ट्रार अमीलाल सहारण, सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, नगरपरिषद आयुक्त और ईओ, मौजूद रहें।
