
श्रीगंगानगर स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय गंग महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को शिवपुर हेड पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृतियों का संगम दिखा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक गायकों और नर्तकों ने समां बांध दिया। यहां हवन और सर्वधर्म सभा भी हुई। गौरतलब है कि शिवपुर हेड से ही गंगनहर जिले में प्रवेश करती है। आवो नी पधारो म्हारे देश गीत से शुरुआत कर लोक गायकों ने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का स्वागत किया।
राजस्थानी वेशभूषा में सजे कलाकारों और बहुरुपिया कलाकारों ने भी अतिथियों और ग्रामीणों का मनोरंजन किया। इस मौके पर एडीएम (प्रशासन) सुभाष कुमार, एडीएम (सतर्कता) रीना, जिला परिषद सीईओ गिरधर, एसडीएम नयन गौतम, जल संसाधन विभाग के एसई धीरज चावला, एएसपी रघुवीर शर्मा, नगरपरिषद आयुक्त रविंद्र यादव, एसडीएम नयन गौतम, प्रशिक्षु आईएएस अदिती यादव, स्वाति गुप्ता, पूर्व विधायक राजकुमार गौड़, पूर्व जिला प्रमुख कविता, सीताराम मौर्य, प्रियंका बैलाण आदि मौजूद रहे। इससे पहले जिला मुख्यालय स्थित गंगासिंह चौक पर आयोजित कार्यक्रम में श्रीगंगानगर के संस्थापक महाराजा गंगासिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। विधायक जयदीप बिहाणी, कलेक्टर डॉ. मंजू, जिला स्तरीय अधिकारियों व अन्य लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पहली बार आए कई जिलों के कलाकार, अधिक रही आमजन की भागीदारी : श्रीगंगानगर स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में इस बार और सुधार दिखा।
आमजन की भागीदारी अधिक रही। वहीं, कई जिलों के कलाकारों की प्रस्तुतियां शिवपुर हेड पर आयोजित कार्यक्रम में भी देखने को मिली। श्रीगंगानगर के अलावा बीकानेर, बाड़मेर-बालोतरा, जोधपुर के अलावा चित्तौड़गढ़ व टोंक के कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दी। जानकारी के अनुसार स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों का आयोजन कलेक्टर करणीसिंह राठौड़ के समय शुरू हुआ था। उस समय शिवपुर हेड पर पूजन का कार्यक्रम हुआ। इसके अलावा गंगनहर के इतिहास और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को लेकर पुस्तिका का प्रकाशन हुआ था।
