
हनुमानगढ़, गुरुवार को टिब्बी तहसील के ग्राम डबली कला में पानी निकासी पंप लगाने के कार्य में ठेकेदार पर मनमानी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं।
ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मीदलाल मीणा और मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग, हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम डबली कला के किसान नेता मनीष बुरड़क ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित पानी निकासी पंप का स्थान 39.5 आरडी तय किया गया था। हालांकि, ठेकेदार कथित तौर पर इस स्थान को बदलकर 41 आरडी पर पंप लगाने का प्रयास कर रहा है, जो निर्धारित स्थान से लगभग 2 किलोमीटर दूर है।
ग्रामीणों का कहना है कि 41 आरडी क्षेत्र में भूमिगत जलस्तर ऊपर होने के कारण पाइपलाइन की गहराई कम रहेगी, जिससे पाइपलाइन टूटने का खतरा बढ़ जाएगा। इसके अतिरिक्त, अधिक दूरी होने से सरकारी धन का दुरुपयोग भी होगा।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 39.5 आरडी पर सरकार द्वारा पूर्व में लगाई गई दो पाइपलाइनें सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं। इस स्थान का भूगर्भीय ढांचा पाइपलाइन बिछाने के लिए अधिक उपयुक्त है, जहां भूमिगत जलस्तर गहराई में होने से पाइपलाइन सुरक्षित रहेगी और अनावश्यक खर्च से बचा जा सकेगा।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से ठेकेदार की मनमानी पर रोक लगाने और पंप को नियमानुसार 39.5 आरडी स्थान पर ही स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस अवसर पर मनीष बुरड़क, लिलाधर पिलानिया, पृथ्वीराज लांज, ओमप्रकाश छिपा, बृजलाल, भागीरथ बाना, भालाराम बुरड़क, ताराचंद पिलानिया, हनुमान छिपा (अध्यक्ष DBL माइनर), गुरजीत सिंह, सतवीर बुरड़क, कृष्ण छिपा, बंताराम पिलानिया, बद्री प्रसाद बुरड़क और सोनू वर्मा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।
ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और ठेकेदार की किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त न करने की बात कही।
