
हनुमानगढ़ में भूखंड से घरेलू सामान चोरी का मामला सामने आया है। शिकायत करने पर आरोपियों ने मारपीट की और एक महिला की बाली छीन ली। संगरिया पुलिस थाना में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, नगराना तहसील संगरिया निवासी कैलाश (53) पुत्र दानाराम नाथ ने यह रिपोर्ट दर्ज करवाई है। कैलाश ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। उसने 9 मई 2025 को नगराना निवासी कर्मजीत कौर पत्नी गुरदीप सिंह से एक आवासीय भूखंड इकरारनामे के जरिए खरीदा था।
भूखंड का कब्जा इकरारनामे के दिन ही कैलाश को सौंप दिया गया था। उसने अपने खरीदे हुए भूखंड पर दीवार बनवाकर गेट भी लगवा दिया था। इसके बावजूद, कर्मजीत कौर पत्नी गुरदीप सिंह, संदीप सिंह पुत्र प्यारा सिंह, जसविंदर कौर पत्नी संदीप सिंह और प्यारा सिंह पुत्र जगिंदर सिंह ने उसके भूखंड में बने मकान में चोरी की नीयत से ताला तोड़कर प्रवेश किया।
आरोपी एक चारपाई, कुर्सी, बट्ठल, कस्सी, बाल्टी, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान चुराकर ले गए। जब कैलाश ने इन लोगों को चोरी के संबंध में शिकायत की, तो वे उसके साथ मारपीट करने पर उतारू हो गए।
आरोपियों ने कैलाश को एससी-एसटी एक्ट और रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। इस झगड़े के दौरान जब कैलाश की पत्नी बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने उसके कान से एक बाली छीन ली।
पुलिस ने कैलाश की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल पांचूराम को सौंपी गई है।
