
एकादशी पर सुदामा नगर स्थित सिद्ध धाम श्री खाटू श्याम धाम मंदिर में शनिवार को पाटोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर में देर रात बाबा श्याम के लिए विशेष रूप से 21 किलो का मिल्क केक तैयार किया गया, जिसे महाभोग के रूप में अर्पित किया गया।
पूरे दिन चले पाटोत्सव में श्रद्धालुओं ने श्रद्धानुसार 700 से ज्यादा विभिन्न प्रकार के केक का भोग बाबा को लगाया। इस दौरान बाबा श्याम का सोने के मुकुट से शृंगार किया गया, जिससे उनकी दिव्य छटा और भी निखर गई। मंदिर में विशेष रूप से कोलकाता से मंगवाए गए 51 किलो रंग-बिरंगे फूलों से बाबा का अलौकिक शृंगार किया गया, जिसने मंदिर के वातावरण को सुगंधित और मनमोहक बना दिया। मंदिर में दिनभर में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा को 5 हजार से ज्यादा रंग-बिरंगी ध्वजाएं अर्पित की।
पाटोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने हिस्सा लिया और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्याम भक्तों ने खाटू श्याम की पूजा-अर्चना की, जिसके बाद बैंड-बाजों व डीजे के साथ अलग-अलग जगहों से कई शोभायात्राएं निकाली गईं।
मंदिर में चार दिवसीय श्रीश्याम पाटोत्सव मेले के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के सेवादार संदीप शेरेवाला ने बताया कि इस अवसर पर अलसुबह से ही श्याम श्रद्धालुओं का मंदिर प्रांगण में आना शुरू हो गया। रंग-बिरंगी ध्वजाएं लिए बाबा श्याम के दरबार में नाचते, गाते, झूमते आए श्याम श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम से मन्नतें मांगीं। इस कड़ी में मंदिर में भजन संकीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें अबोहर पंजाब से तुलसी गोयल व शहर के कई अन्य भजन प्रवाहकों ने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। नेहा शर्मा ने भजनों से बाबा श्याम को रिझाया।
