
हनुमानगढ़ जंक्शन के समाजसेवी नागरिकों एवं भामाशाह ने सोमवार को लाल चौक के नजदीक स्थित कैनाल कॉलोनी जिला चिकित्सालय में 100 से अधिक टीबी (क्षय) मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित की। सीएमचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन पर जिले के टीबी मरीजों को पोषण की थैली दी जा रही है। उन्होंने बताया कि वे आगामी छ: माह तक टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध करवाएंगे। इस दौरान डॉ. शर्मा ने वहां उपस्थित टीबी मरीजों से बात की एवं नियमित रूप से दवा और पोषण सामग्री खाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीबी रोगियों को पोषण किट वितरित करना एक सामूहिक प्रयास है और समाज के हर व्यक्ति को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने जिले के समाजसेवी नागरिकों, भामाशाहों, निजी शिक्षण संस्थानों, व्यवसायियों तथा दुकानदारों से भी अभियान से जुडऩे की अपील की। इस मौके पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के डीटीओ डॉ. मुकेश शेखावत, बीसीएमओ डॉ. कुलदीप बराड़, कैनाल कॉलोनी जिला चिकित्सालय के डॉ. इंद्रसेन झाझड़ा, डीपीसी (आईईसी) मनीष शर्मा सहित स्टाफ मौजूद थे। क्या है निक्षय मित्र टीबी मरीजों को दवा खाने के साथ-साथ पोषण सामग्री की भी आवश्यकता होती है। कोई भी व्यक्ति, सामाजिक संस्था, जनप्रतिनिधि आदि टीबी मरीज को गोद लेकर उन्हें पोषण सामग्री उपलब्ध करवा सकता है। इसमें टीबी मरीजों को मूंग, दाल, चने, गुड़, सरसों का तेल, गेहूं-चावल जैसी पोषण सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है।
