
जिलों में एमएसपी पर मूंग व मूंगफली सरकार को बेचने के लिए किसान रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं, लेकिन खरीद कब शुरू होगी इस पर अभी संशय बना हुआ है। कारण कि सरकार ने अभी तक खरीद शुरू करने की तारीख का ऐलान नहीं किया है। मूंग व मूंगफली की फसल खेत से निकलने के बाद किसानों ने फसल का घरों पर भंडारण कर रखा है। खरीद शुरू नहीं होने के कारण किसानों में आक्रोश है।
श्रीगंगानगर जिले में सरकार को एमएसपी पर मूंग बेचने के लिए 13,784 व मूंगफली के 684 किसानों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया है। हनुमानगढ़ जिले में मूंग के 7,206 व मूंगफली के 2,374 रजिस्ट्रेशन करवाए हैं। सितंबर में मूंग फसल पककर बाजार में आवक शुरू हो गई। मार्केट में भाव एमएसपी से कम होने के कारण किसानों ने एमएसपी पर खरीद शुरू करने की मांग की तो सरकार ने राजफैड को खरीद एजेंसी बनाते हुए 20 सितंबर से रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए, लेकिन गिरदावरी अपलोड नहीं होने के कारण किसान 20 दिन तक रजिस्ट्रेशन ही नहीं करवा पाए। 15 अक्टूबर के बाद रजिस्ट्रेशन शुरू हुए तथा किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाना शुरू किया, लेकिन अब तक खरीद शुरू करने को लेकर सरकार ने तारीख तय नहीं की है। इस कारण सरकार को मूंग व मूंगफली बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने वाले किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडियों में खुली नीलामी पर 6 से 7 हजार रुपए प्रति क्विंटल के भावों पर मूंग बिक रहा है। वहीं, एमएसपी 8,786 रुपए प्रति क्विंटल है। एमएसपी पर मूंग व मूंगफली की खरीद शुरू नहीं होने के कारण किसानों में आक्रोश है।
मूंग व मूंगफली की एमएसपी पर जल्दी खरीद शुरू होने की संभावना:
मूंग व मूंगफली की एमएसपी पर जल्दी ही खरीद शुरू होने की संभावना है। खरीद केंद्रों पर बारदाने सहित सभी प्रकार की व्यवस्थाएं है। खरीद की तारीख तय होने के बाद तय तारीख से ही खरीद शुरू की जाएगी।
