
श्रीगंगानगर में गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर सोमवार को गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार साहिब से विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। पंज प्यारे आगे चल रहे थे, जबकि उनके पीछे हजारों की संख्या में संगत शब्द कीर्तन करती हुई चल रही थी। पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी।
निहंग सिंहों और छात्राओं ने दिखाए गतका के करतब
नगर कीर्तन में निहंग सिंहों और स्कूली छात्राओं ने गतका के अद्भुत करतब दिखाए। तलवारों और ढालों के हैरतअंगेज प्रदर्शन ने श्रद्धालुओं को रोमांचित कर दिया। खासकर छात्राओं के प्रदर्शन पर लोग तालियां बजाने लगे।

गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव पर श्रीगंगानगर में नगर कीर्तन निकाला गया।
फूल बरसाकर किया स्वागत, जयकारों से गूंजा शहर
शहरवासियों ने जगह-जगह फूल बरसाकर नगर कीर्तन का स्वागत किया। “सतनाम श्री वाहेगुरु” और “जो बोले सो निहाल… सत श्री अकाल” के जयकारे पूरे वातावरण में गूंजते रहे।

गतखा खेलती हुई सिख लड़कियां।
शहरभर में सेवा और सुरक्षा की व्यवस्था
नगर कीर्तन के दौरान गौशाला रोड, बीरबल चौक, गांधी चौक, रेलवे रोड, पायल सिनेमा, विनोबा बस्ती गुरुद्वारा सहित कई मार्गों से शोभायात्रा निकली। पूरी यात्रा के दौरान पुलिस जाब्ता सुरक्षा में तैनात रहा। शहरवासियों ने फल, पानी और पेय पदार्थों की सेवा भी की।

जो बोले सो निहाल का जयकारा लगाते हुए नन्हा सरदार।
4 और 5 नवंबर को होंगे मुख्य आयोजन
4 नवंबर को सुबह श्री निशान साहिब की चोला बदलने की सेवा और शाम को बच्चों की शब्द गायन प्रतियोगिता का फाइनल होगा। विजेताओं को 5 नवंबर को होने वाले मुख्य समागम में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर पंथ प्रसिद्ध रागी जत्थे और कथा वाचक गुरु महिमा का प्रकाश करेंगे।सभी कार्यक्रमों में गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा, और जिलेभर के गुरुद्वारों में विशेष आयोजन होंगे।

