
गांव रामसरा नारायण स्थित गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार को श्रीगुरूनानक देवजी क्लब की ओर से गुरूनानक देवजी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 13वां नगर कीर्तन निकाला गया। कीर्तन का शुभारंभ प्रातः 9:15 बजे हेड ग्रंथी बाबा सुखचैन सिंह ने अरदास के साथ करवाया। अरदास के बाद पंज प्यारे की अगुवाई में नगर कीर्तन शुरू हुआ। नगर कीर्तन 19 गांवों और ढाणियों से होते हुए शाम को पुनः गुरुद्वारा साहिब रामसरा में संपन्न हुआ। मार्ग में संगतों ने नगर कीर्तन का फूल वर्षा और लंगर सेवा से स्वागत किया। ढाडी जत्था सुखचैन सिंह शाहपीनी और रागी जत्था ज्ञानी जसविन्द्र सिंह हजूरी ग्रंथी ने शब्द कीर्तन प्रस्तुत किए। वहीं गतका अखाड़ा ने पारंपरिक हथियारों से करतब दिखाए। इससे पहले 3 नवंबर को श्रीअखंड पाठ साहिब का प्रकाश करवाया गया। 5 नवंबर को श्रीअखंड पाठ साहिब का भोग एवं धार्मिक समागम होगा। इस मौके पर धर्मसिंह भग्गु, हरदीप सिंह, सुखदेव सिंह, जसकरण सिंह, जसविंद्रसिंह, हैप्पी सिंह, हरनेक सिंह, मुखपाल सिंह, कुलदीप कंग, कर्मसिंह, बलविंद्रसिंह, हरभजन सिंह, हरभगवान सिंह, रसप्रीत सिंह ने सेवाएं दी।
उधर…टाउन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में गुरु नानकदेवजी का 557वां प्रकाश पर्व मनाया गया। सुबह 10:15 बजे पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन निकाला गया। हैड ग्रंथी भाई गुरचरण सिंह जुगनू ने सुख-शांति की अरदास करवाई। नगर कीर्तन गुरुद्वारा सिंह सभा से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा सुखा सिंह महताब सिंह पहुंचा, जहां पहला पड़ाव रखा गया। यहां मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह और बाबा जग्गा सिंह ने पंज प्यारों का सरोपा देकर सम्मान किया। इसके बाद नगर कीर्तन शीला रोड, पंजाबी मोहल्ला, पुराना पोस्ट ऑफिस, पुराना बाजार, पंचायत समिति के आगे से होता हुआ लालाजी चौक, हिसारिया मार्केट, पुरानी नगरपालिका, सुभाष चौक, जकिर हुसैन पार्क, धानमंडी व प्रेमनगर गुरुद्वारा से होते हुए टिब्बी रोड, मिस्त्री मार्केट, अंडरपास, इंदिरा कॉलोनी और नई आबादी गुरुद्वारा से होते हुए ओवरब्रिज मार्ग से पुनः गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंचा। रस्ते में संगतों ने पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। वहीं जगह-जगह जलेबी, चाय, कॉफी, खीर व ब्रेड पकोड़े के भंडारे लगाकर श्रद्धालुओं ने सेवा की। इस मौके गुरचरण सिंह, मलकित सिंह, कथावाचक गुरमीत सिंह, कविश्री जत्था दिलबाग सिंह ने गुरु की महिमा का बखान किया।
गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान नक्षत्रसिंह ने बताया कि बुधवार को टाउन व जंक्शन स्थित सभी गुरुद्वारों में अखंड पाठों के भोग डाले जाएंगे। इस दौरान खुले दीवान सजेंगे, जिसमें बाहर से आए कथावाचक टाड़ी जत्था और हजूरी जत्थे गुरु की महिमा का गुणगान करेंगे। अंत में गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा। कार्यक्रम में जगजीत सिंह, उपप्रधान बूटा सिंह, सचिव कर्मजीत सिंह, कोषाध्यक्ष इंद्रसिंह मक्कासर, प्रेम सिंह कमरानी, बलकरण सिंह गिल, राजेंद्र सिंह फौजी, सुलखन सिंह, नरेश कोचर, भगत सिंह, प्यारा सिंह, हरमेल सिंह, अमरजीत कौर, गुरमीत कौर भोली, इंद्रजीत कौर, मनजीत कौर आदि ने सेवाएं दी।
