
उधारी के रुपए नहीं लौटाने पर पशु व्यापारी ने सुसाइड नोट लिख कर जान दे दी। व्यापारी ने सुसाइड नोट में 2 लोगों का जिक्र किया है। इसमें लिखा- इस मकान के 2 लाख जमा है, एक लाख देना बाकी है।मंगतराम सहारण से 3 लाख 20 हजार रुपए लेने हैं। इसने गाय बेची है। मंदर से 3.50 लाख के कारण सुसाइड कर रहा हूं।
व्यापारी जब घर नहीं लौटा तो छोटे भाई ने गायों के बाड़े में जाकर देखा तो लोहे के गार्डर से बड़ा भाई लटका नजर आया। व्यापारी ने साफे से फंदा बना कर जान दी है।
मामला श्रीगंगानगर के सादुलशहर थाना इलाके का सुबह 9 बजे का है। व्यापारी के परिजन अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर इकट्ठा हैं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मांगीलाल (25) निवासी वार्ड नं- 4 सादुलशहर (श्रीगंगानगर) के सुसाइड की सूचना मिली थी। शव को सादुलशहर के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। युवक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसपर जांच की जा रही है।
साफे का बनाया था फंदा
थाने में रिपोर्ट मांगीलाल के छोटे भाई छिन्द्रपाल ने दी है। इसमें बताया- बड़ा भाई मांगीलाल पशुओं का व्यापारी था। बुधवार देर रात को घर नहीं आया तो चिंता हुई। सुबह करीब 10 बजे गायों के बाड़े में जाकर देखा तो यहां में लगी लोहे की गार्डर से मांगीलाल का शव लटका हुआ था। बाड़े का गेट बाहर से बंद था। इसके बाद परिजनों ने मिलकर शव को साफे के बने फंदे से नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।

प्रदर्शन करते हुए मृतक के परिजन।
सुसाइड नोट में उधारी का जिक्र
छिन्द्रपाल ने बताया- मांगीलाल की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने (मांगीलाल) ने लेनदेन के बारे में लिख रखा है। सुसाइड नोट में मंगतराम सहारण, मंदर से 6 लाख से अधिक पैसे लेने का जिक्र है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी, मांगीलाल को पैसे नहीं दे रहे थे, जिसके कारण वह परेशान रहता था। इसी बात से परेशान होकर उसने सुसाइड कर लिया।

मृतक की जेब से मिला सुसाइड नोट।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद परिजन हॉस्पिटल में मॉर्च्युरी के बाहर धरना लगाकर बैठ गए और आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिजनों का धरना प्रदर्शन अभी भी जारी है और शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया है। मृतक शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस परिजनों से समझाइश कर रही है।
