
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत रविवार को नोहर में खाद्य सामग्री का निरीक्षण कर वहां पर मिली 261 लीटर अवधिपार पेय सामग्री एवं 233 किलो दूषित खाद्य सामग्री को नष्ट करवाया।
निरीक्षण के दौरान 212 लीटर सरसों का तेल भी सीज किया गया। इस दौरान वहां से 8 सैंपल भी संग्रहित कर जांच के लिए बीकानेर भिजवाए गए। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि कृष्णा एजेंसी से दही एवं रसगुल्ला, गणपति ट्रेडर्स से टांगेवाला ब्रांड का सरसों का तेल एवं गणपति ब्रांड का सरसों का तेल, महादेव बीकानेर रसगुल्ला भंडार से रसगुल्ला, श्री श्याम मावा भंडार से मावा, न्यू साहू मावा भंडार से गुलाबजामुन एवं चमचम का सैम्पल संग्रहित किया गया। इसके अलावा गणपति ट्रेडर्स से 212.4 लीटर सरसों का तेल भी सीज किया गया।
वहीं, रामदेव मिष्ठान, महादेव बीकानेर रसगुल्ला भंडार एवं शर्मा स्वीट्स से मिली 233 किलो दूषित एवं खराब बूंदी, लड्डू, मोतीपाक, बेसन चक्की, नारियल चक्की, बालूशाही, मावा बर्फी, नमकीन, गुलाबजामुन, हलुवा, सैंडपीस, मावा आदि मिठाई नष्ट करवाई गई। इसके अलावा तथा 261.8 लीटर जीरा (राज ब्रांड), लहर सोडा एवं चाशनी भी मौके पर ही नष्ट करवाई गई। एफएसओ रफीक मोहम्मद, सहायक कर्मचारी हीरावल्लभ, गार्ड रणवीर गुसांई एवं वाहन चालक गुरुशरण सिंह शामिल रहे।
