
हनुमानगढ़ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 4 से 18 नवंबर तक सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की जा रही है। इसी सिलसिले में कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशानुसार गठित समिति ने सोमवार को फॉर लेन सड़कों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल ने अग्रसेन चौक से अंबेडकर चौक होते हुए राजीव चौक से राधा स्वामी डेरा तक, बस डिपो से डबली राठान टोल नाका तक तथा भगत सिंह चौक से चूना फाटक तक की सड़कों पर निरीक्षण किया। कई स्थानों पर मीडियन कट को कम करने, कुछ को बंद करने, डिवाइडर की मरम्मत व नई रेलिंग लगाने, सड़क सुरक्षा संकेतक लगाने और जेब्रा क्रॉसिंग का चिह्निकरण किया। विशेष रूप से हनुमानगढ़ टाउन बस स्टैंड के सामने डिवाइडर को पुनर्निर्मित करने और भारत माता चौक से उत्तम पैलेस तक सड़क चौड़ीकरण की अनुशंसा की। निरीक्षण दल द्वारा तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट जिला सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से संबंधित विभागों को भेजी जाएगी, ताकि आगामी शीत ऋतु से पूर्व सभी सुधारात्मक कार्य पूर्ण किए जा सके। इस मौके पर अधिशाषी अभियंता एक्सईएन अनिल अग्रवाल, यातायात निरीक्षक अनिल चिंदा, अधिशाषी अभियंता रामप्रसाद, सहायक अभियंता श्रवण कुमार व वेद प्रकाश तथा रिडकोर से अमरचंद शामिल थे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे फॉर लेन सड़कों पर अवैध एवं अनुपयोगी डिवाइडर कट बंद करने तथा नई रेलिंग लगाने की आवश्यकता पर अपने सुझाव दें। नागरिक संबंधित एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी कार्यालय में अपने सुझाव दर्ज करा सकते हैं। बता दें कि अभियान के तहत अब तक 7 सड़कों के किनारे से अतिक्रमण हटाए गए, 2 सड़कों के किनारे आवश्यक यातायात सुविधाएं विकसित की गईं, 5600 किलोमीटर सड़कों पर रोड मार्किंग एवं व्हाइट लाइनिंग की गई है तथा 266 किलोमीटर सड़क किनारों से झाड़ियां हटाई गई हैं।
हनुमानगढ़| गांव धोलीपाल के वार्ड 16 में डेढ़ किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। वार्डवासियों ने सड़क का निर्माण लेवल से करवाने की मांग प्रशासन से की है। वार्डवासियों ने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण कार्य काफी नीचा किया जा रहा है, जिससे भविष्य में बरसाती पानी की निकासी नहीं हो पाएगी।
