
दैनिक भास्कर की मीडिया पार्टनरशिप में शहरवासियों के लिए न्यू ईयर कार्निवल का आगाज गुरुवार को हुआ। मुख्य अतिथि श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी और विशिष्ट अतिथि समाज सेवी राजेन्द्र सिगंल ने विधिवत गणेश पूजन करवा व फीता काटकर कार्निवल का शुभांरभ किया।
इस दौरान विधायक जयदीप बिहाणी सहित सभी ने मेले में लगी स्टालों का अवलोकन किया। ट्रेड फेयर को आकर्षक बनाने के लिए स्टॉल्स के साथ-साथ परिसर को रंगीन रोशनी से सजाया गया है। वहीं खाने-पीने व मनोरंजन के साथ बच्चों के लिए झूले भी आकर्षण का केन्द्र हैं। व्यापारी भी उत्साहित हैं। उन्होंने फेयर में भागीदारी के लिए स्टॉल भी लगाई हैं।
एक ही छत के नीचे श्रीगंगानगरवासियों को खरीददारी, मनोरंजन व खाने पीने का लुत्फ उठाने का अवसर मिला है। इस बार एयरलाइंस से मेले में प्रवेश और जलपरी भी फेयर में आकर्षण का केन्द्र है। स्थानीय के साथ देशभर के व्यापारी अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं। रामलीला मैदान सुखाड़िया सर्किल पर आयोजित मेले को लेकर शहरवासियों में उत्साह है। इसमें शहरवासी खाने-पीने का भी लुत्फ उठा रहे हैं। फूड जोन में भी कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध हैं।
विशेष न्यू ईयर कार्निवल में कई तरह के झूले लगे हैं। इनमें रोमांचक ज्वाइंट व्हील, ड्रैगन ट्रेन, रेंजर, बोन्सी, कार, चांद-तारा और ब्रेक डांस सहित बच्चों के लिए भी कई तरह के झूले आकर्षित कर रहे हैं।
इसके अलावा विशेष उत्पादों की स्टॉल भी लगाई गई है। जिसमें खरीदारों के लिए आरओ, सोफा सेट, किचन वेयर, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, फर्नीचर, खिलौने, विभिन्न तरह के रेडीमेड कपड़ों, गर्म कपड़ों, उपहार, कॉस्मेटिक उत्पाद की विशाल व लेटेस्ट रेंज उपलब्ध है। दैनिक भास्कर श्रीगंगानगर संस्करण के संपादक पवन तिवाड़ी, यूनिट हैड जसवंत सहारण, समाज सेवी प्रेम अग्रवाल, पूर्व पार्षद सलीम अली चौपदार, अमित खन्ना, मनीष गर्ग, गौतम कुक्कड़ व पवन खुराना उपस्थित रहे।
विधायक जयदीप बिहाणी मेले में करीब दो घंटे तक रूके और एक-एक स्टाल पर जाकर व्यापारियों से बात की। उन्होंने मेले के फूड जोन में भेलपुरी का स्वाद भी लिया। इस अवसर पर विधायक बिहाणी ने कहा कि मेले जैसे आयोजन शहर में एक नया वातावरण बनाने में सहयोगी होते हैं। साथ ही स्थानीय व्यापारियों के लिए भी अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। बच्चों और युवाओं के लिए भी यह एक खरीददारी और मनोरंजन के लिए अच्छा प्लेटफार्म है। समाज सेवी राजेंद्र सिंगला ने कहा कि एक ही छत के नीचे श्रीगंगानगरवासियों को अपने मनपसंद उत्पादों की खरीदारी के साथ-साथ झूले और खाने-पीने के साथ ही देश के अन्य राज्यों से आए व्यापारियों से भी जुड़ने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहयोगी होते हैं।
