
तपोवन मनोविकास विद्यालय का बिहार रेजिमेंट आर्मी, लालगढ़ जाटान छावनी से सीईओ ज्योति राजपूत और मेजर एमएल मेथाई ने अवलोकन किया। इस मौके पर बाल दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेना के अधिकारियों ने बच्चों के साथ मिलकर बाल दिवस मनाया और उन्हें खेल सामग्री वितरित करके उनका मनोबल बढ़ाया।
सर्वप्रथम मनोविकास विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रितु दत्ता तथा सचिव दलजीत सिंह ने आर्मी अधिकारियों को मनोविकास विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी और भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू के जीवन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
सीईओ ज्योति राजपूत ने बच्चों के उत्साह, जोश और सीखने की क्षमता को देखकर कहा कि ‘ये बच्चे दिव्यांग नहीं हैं, बल्कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं।’ मेजर एमएल मेथाई ने बच्चों के प्रति अपना गहरा लगाव प्रकट किया।
