
हनुमानगढ़। श्री संकट मोचन बालाजी धाम परिसर स्थित श्री श्याम मंदिर हनुमानगढ़ धाम में आयोजित तीन दिवसीय श्री श्याम कृपा महोत्सव 2025 के तहत शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। पूरे शहर में बाबा श्याम की भक्ति का अनुपम उत्साह दिखाई दिया। शोभायात्रा के दौरान महिलाओं, पुरुषों और युवाओं का अद्भुत उत्साह देखने को मिला, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु हाथों में बाबा की ध्वजाएं लिए “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” और “जय श्री श्याम” के उद्घोष करते आगे बढ़ते रहे। पूरा शहर श्याम भक्ति से सराबोर होता दिखा।
शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य यजमान निवर्तमान नगर परिषद सभापति सुमित रणवा और चाणक्य एकेडमी के निदेशक राज तिवाड़ी द्वारा सपरिवार विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पंडित विकास शर्मा ने वेदमंत्रोच्चार के साथ पूजा कर शोभायात्रा को आशीर्वाद प्रदान किया। इसके पश्चात रथ के आगे-आगे भक्तों की लंबी कतारें बन गईं, जहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भक्ति गीतों पर झूमते हुए शामिल हुए। शोभायात्रा के प्रारंभ के साथ ही वातावरण जयकारों से गूंज उठा और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवृष्टि कर बाबा श्याम का स्वागत किया।
आयोजन समिति सचिव भारत भूषण कौशिक ने बताया कि शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—गौशाला रोड, टाउन बस स्टैंड, स्टेशन रोड, जंक्शन बाजार और सेक्टर मार्गों—से होते हुए निकली। आकर्षक ढंग से सजे श्याम रथ, भक्ति गीतों से सुसज्जित डीजे साउंड और नृत्य करते श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग को भक्ति रंग में रंग दिया। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय दुकानदारों ने शोभायात्रा का स्वागत कर शीतल पेय व जल सेवा के स्टॉल भी लगाए।
शोभायात्रा का समापन संकट मोचन बालाजी मंदिर, सेक्टर 12 में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। मंदिर परिसर में पहुंचते ही भक्तों ने बाबा श्याम के जयघोष के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत आयोजित यह शोभायात्रा इस बार विशेष रूप से भव्य रही, जिसमें शहर ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
इस दौरान समिति अध्यक्ष सुमित रणवा, महासचिव भारत भूषण कौशिक, समिति के वरिष्ठ सदस्य शेरपाल सिंह, पवन अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, संजय गोयल, मनोहर कोचर, नरेश शर्मा, रामगोपाल गोदारा, सुरेंद्र बंसल, संदीप बिंदल, बनवारी कुकना, साहिल सेतिया, कश्यप सारण, नरेश चांडक, गौरव बंसल, दीपक बंसल, रिंकू गोयल, निशु गोयल, अशोक पारीक, गुरचरण धुड़िया, राजकुमार कार्याणी, सुरेंद्र रावल, शुभम बंसल और सुरेंद्र बिश्नोई सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मंदिर समिति ने बताया कि महोत्सव 18 नवंबर तक चलेगा, जिसमें भजन संध्या, विशेष झांकियां, फूल बंगला, विशाल भंडारा और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं को दिव्य अनुभव प्रदान करेगी। शोभायात्रा के भव्य आयोजन से समूचे हनुमानगढ़ में श्याम भक्ति का विशेष माहौल बना हुआ है।
