
हनुमानगढ़। राजस्थान पटवार संघ सिंचाई की ओर से रविवार को विश्राम गृह हनुमानगढ़ में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष मृगेन्द्रपाल जादौन ने की। बैठक में पटवारियों, जिलेदारों एवं संगठन पदाधिकारियों ने भाग लिया। विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा के दौरान संगठनात्मक मजबूती, पदोन्नति, कैडर रिव्यू तथा सम्मान समारोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सबसे पहले उन जिलेदारों को सम्मानित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई, जो पटवारी से शत-प्रतिशत पदोन्नति के आधार पर पदोन्नत हुए हैं। इस सम्मान समारोह को भव्य एवं प्रेरणादायक स्वरूप देने पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई। साथ ही जिलेदार पद पर आगामी पदोन्नति प्रक्रिया पर भी विस्तृत रूप से विचार-विमर्श किया गया, ताकि भविष्य में योग्य पटवारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ मिल सके।
कैडर रिव्यू से संबंधित पत्रावली वर्तमान में वित्त विभाग, राजस्थान सरकार में विचाराधीन है। इस संदर्भ में आर्थिक सहायता जुटाने के लिए सदस्यों से व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क कर सहयोग राशि एकत्रित करने का प्रस्ताव रखा गया। इस मुद्दे पर सदस्यों ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि कैडर रिव्यू पटवारियों और जिलेदारों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी सदस्यों का सहयोग आवश्यक है।
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी लिया गया कि वर्तमान में पटवार संगठन में सिंचाई वर्ग के पटवारियों की संख्या कम होने के कारण संगठन में संतुलन आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सिंचाई वर्ग के पटवारियों और जिलेदारों को एक संयुक्त एवं एकीकृत संगठन में स्थान दिया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक जिलेदार और पटवारी एक ही संगठन के सदस्य होंगे तथा कार्यकारिणी में भी उन्हें स्थान दिया जाएगा। इस प्रस्ताव का उपस्थित सभी सदस्यों ने बहुमत से समर्थन किया।
बैठक के दौरान पदोन्नत अधिकारियों एवं जिलेदारों को सम्मानित करने का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार, हरीश शर्मा सहित जिलेदार यादविन्द गोदारा, सुभाषचंद्र विश्नोई, राकेश सैनी, दिनेश कुमार, रामप्रताप, शिव ओम, बाबू सिंह पटवारी, राम अवतार ,निर्मल और पूनमचंद को शॉल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा संगठन के लिए उनके योगदान की सराहना की।
बैठक के अंत में अध्यक्ष मृगेन्द्रपाल जादौन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ की मजबूती और सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए ऐसे निर्णय आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता एवं सक्रियता से ही भविष्य में बेहतर परिणाम सुनिश्चित होंगे। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई
