
सर्दियों के साथ ही शहर में चोरी की वारदातें रोज ही सामने आने लगी हैं। ताजा मामला एल ब्लॉक का है। यहां 33 एल ब्लॉक के बंद मकान में 13 से 14 नवंबर की रात को तीन नकाबपोश युवकों ने ताले तोड़े।
घर के अंदर सभी कमरों के ताले तोड़कर अलमारी और संभावित जगह जहां से कुछ मिल सकता था, को भी खंगाला। कुछ भी कीमती सामान नहीं मिला तो घर में जमकर तोड़फोड़ की। इस घटना का पता पड़ोसियों को 14 की शाम को लगा। उनकी ओर से मकान मालकिन वीना भाटिया को फोन पर सूचना दी।
पीड़िता अपनी बेटी के पास मुंबई गई हुई थीं। वे 16 नवंबर की शाम को श्रीगंगानगर पहुंचे। परिवाद कोतवाली थाने में पेश किया। देर रात समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। भास्कर पड़ताल: कुछ नहीं मिला तो की तोड़फोड़, एसी की पाइपें काटकर ले गए : पीड़िता वीना भाटिया के भाई के बेटे सार्थक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि घर में रात डेढ़ बजे के करीब चेहरों को ढके हुए तीन युवक ताले तोड़कर पहुंचे। जैसे ही कैमरा दिखाई दिया तो इसे तोड़ दिया। इसके बाद सभी कमरों को एक-एककर ताले तोड़कर खोला। फिर सभी अलमारियों, बेड की दराजों आदि को खंगाला। लेकिन कहीं से न गहने मिले न ही नकदी मिली। इसके बाद आरोपियों ने रसोईघर फ्रिज, नल, टीवी, दिवान आदि सामान को तोड़ दिया। बाथरूम और लॉबी में वॉशबेसिन को तोड़ दिया। गीजर को उतारा और एसी की पाइपें काटकर ले गए। श्रीगंगानगर. सीसीटीवी फुटेज में कैद तीनों आरोपी
