
हनुमानगढ़। बार संघ हनुमानगढ़ परिसर में लंबे समय से राजस्व अधिवक्ताओं के लिए सुलभ कॉम्प्लेक्स की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अधिवक्ताओं की लगातार मांग एवं उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विधायक गणेशराज बंसल के निर्देशानुसार निवर्तमान सभापति सुमित रणवां ने इस दिशा में पहल करते हुए शौचालय निर्माण हेतु बजट आवंटित करवाया था। निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गुरुवार को सुलभ कॉम्प्लेक्स का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में विधायक गणेशराज बंसल, निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, बार संघ अध्यक्ष नरेन्द्र माली, सचिव प्रकाश रोज, कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा, पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सुलभ कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने अपनी लंबे समय से लंबित यह सुविधा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
बार संघ अध्यक्ष नरेन्द्र माली ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्व अधिवक्ता वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे थे। कोर्ट परिसर में वर्तमान समय में बढ़ती भीड़ और कार्यभार के अनुसार स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शौचालय की आवश्यकता अत्यंत जरूरी हो गई थी। उन्होंने इस जनहितैषी कार्य के लिए जिला कलेक्टर द्वारा भूमि आवंटन तथा विधायक गणेशराज बंसल एवं सभापति सुमित रणवां द्वारा निर्माण सुनिश्चित करवाने पर आभार व्यक्त किया।
विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी सुविधाओं का विस्तार करना जनप्रतिनिधियों का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बार संघ की सभी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। वहीं सभापति सुमित रणवां ने बताया कि अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए बजट का शीघ्र आवंटन करवाकर निर्माण कार्य को बिना देरी पूरा करवाया गया। उन्होंने कहा कि आगे भी बार संघ परिसर के विकास तथा अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा और पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने भी अपने विचार रखे तथा कहा कि नए सुलभ कॉम्प्लेक्स से अधिवक्ताओं, खासतौर पर राजस्व न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ताओं को राहत मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में बार संघ पदाधिकारियों ने विधायक बंसल और सुमित रणवां को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की। इस मौके पर रामकुमार कस्वा, गणेश गिलहोत्रा, इंद्राज ,सुरेंद्र, मनीष तंवर, राजेंद्र बेनीवाल, बलराम भीडासरा, अनुज डोडा, रोहित खिच्ची सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद थे।
